टोलकर्मी को टक्कर मारने के मामले में एक गिरफ्तार
पिलखुवा। पांच माह पूर्व टोल प्लाजा पर तैनात कर्मी को कार सवार युवकों द्वारा टक्कर मारने के मामले में पुलिस ने एक आरोपी को गिरफ्तार किया हैं। जबकि उसके दो अन्य साथी पुलिस की पकड़ से दूर हैं।
कोतवाली क्षेत्र के गांव शाहपुर फगौता निवासी दोलत सिंह छिजारसी टोल प्लाजा पर नौकरी करता था। गत 12 फरवरी की देर शाम दोलत सिंह टोल प्लाजा पर तैनात था, उसी समय कार सवार युवकों ने दोलत सिंह को टक्कर मार दी। जिससे वह गंभीर घायल हो गया और कौमा में चला गया। अस्पताल में उसका उपचार चल रहा है। हादसे के बाद कार सवार फरार हो गए। चचेरे भाई कुलदीप राणा ने अज्ञात कार सवारों के खिलाफ दर्ज कराई थी। पुलिस विवेचना में कार सवार तीन युवक बहादुरगढ़ के गांव कटीरा जाफराबाद निवासी हरिओम सिंह, अनुज कुमार एवं गाजियाबाद के थाना साहिबाबाद क्षेत्र के गांव अरथला निवासी राहुल के नाम प्रकाश में आया था। कोतवाली प्रभारी निरीक्षक महावीर सिंह चौहान ने बताया कि पुलिस ने हरिओम सिंह को गिरफ्तार किया हैं। उन्होंने बताया कि गिरफ्तार आरोपी ने अपना अपराध स्वीकार करते हुए बताया कि हापुड़ से गाजियाबाद जाते समय उन्होंने उक्त घटना को अंजाम दिया था। फरार दोनो आरोपियों की तलाश में पुलिस टीम भेजी गई है, उन्हें शीघ्र गिरफ्तार कर जेल भेज दिया जाएगा।