बासतपुर के युवक की गुरुग्राम में हत्या, दस पर रिपोर्ट
धौलाना। धौलाना के गांव बासतपुर निवासी युवक की स्थानीय दबंगों ने चाकुओं से गोदकर शुक्रवार को हत्या कर दी। मृतक अपने भाई के साथ मिलकर गुरुग्राम स्थित औद्योगिक क्षेत्र में कंपनियों में नौकरी दिलाने को प्लेसमेंट सर्विस का काम करता था। शनिवार को परिजनों के गांव में उसका शव लेकर पहुंचने पर लोगों की आंखों से आंसू छलक पड़े। मामले में पुलिस ने दस लोगों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज की है।
मृतक के भाई अनुज ने बताया कि वह अपने छोटे भाई राहुल के साथ गुरुग्राम स्थित मारुति कंपनी के पास अपना ऑफिस चलाता है। जिसके माध्यम से कंपनियों में नौकरी दिलाने के नाम पर वह लोगों को प्लेसमेंट की व्यवस्था कराता है। रोजगार दिलाने के लिए अक्सर वह अपने भाई व अन्य कर्मचारियों के साथ आसपास के गांव में कैंप भी लगाता है। गत दस जनवरी की दोपहर को वह गांव बेगमपुर खटोला में अपने भाई राहुल व प्रशांत धर्मपाल आदि के साथ पहुंचा था। आरोप है कि वह जैसे ही वह अपनी कार से उतरे तो स्थानीय निवासी लख्मी पुत्र शीशराम ने अपने एक साथी मोंटू के साथ मिलकर उनपर्र इंट से हमला कर दिया। इसी दौरान उसके भाई राहुल की गर्दन पर चाकू से ताबड़तोड़ वार कर उसे लहूलुहान कर दिया। बताया कि आरोपियों ने उनकी कार को भी तहस-नहस कर दिया। वह आनन-फानन में राहुल को लेकर अस्पताल पहुंचे। जहां उपचार के दौरान उसकी मौत हो गई।
अनुज ने बताया कि इस संबंध में लक्ष्मी पुत्र शीशराम, मोंटू सहित दस के खिलाफ थाने पर रिपोर्ट दर्ज कराई है। मृतक का शव जैसे ही गांव पहुंचा गांव में मातम पसर गया। मृतक अपने पीछे पत्नी और छह माह की बेटी को छोड़ गया है। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।