तीन तलाक देने पर पति समेत छह लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज
पिलखुवा। नगर के एक मोहल्ला निवासी महिला को पति ने तीन तलाक दे दिया। पीड़िता की तहरीर पर पुलिस ने पति सहित ससुराल पक्ष के छह लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया है।
मोहल्ला गांधी बाजार सद्दीकपुरा निवासी महिला ने बताया कि 17 साल पहले उसका निकाह बुलंदशहर के एक गांव निवासी युवक के साथ हुआ था। निकाह के दौरान दिए गए दान दहेज से ससुराल पक्ष के लोग नाखुश थे। इसी बात को लेकर पति उसके साथ मारपीट करने लगा। साथ ही बच्चा नहीं होने पर महिला को प्रताड़ित भी करता था। करीब डेढ़ साल पहले एक लाख रुपये और बाइक की मांग के चलते ससुराल वालों ने मारपीट कर विवाहिता को घर से निकाल दिया। तभी से पीड़िता मायके में रहने लगी। पीड़िता ने बताया कि 27 दिसंबर 2019 को उसका पति एवं ससुर मायके में आए और महिला के साथ मारपीट की। आरोप है कि इस दौरान ससुर ने महिला के साथ छेड़छाड़ की और पुलिस से शिकायत करने पर जान से मारने की धमकी दी गई। पीड़िता ने कोतवाली में पहुंचकर पुलिस से गुहार लगाई। जब कार्रवाई नहीं हुई तो उसने एसपी से शिकायत की। थाना प्रभारी निरीक्षक महावीर सिंह चौहान ने बताया कि पति, ससुर, सास, देवर और दो ननद के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज हुई है। पुलिस मामले की जांच में जुटी हैं।