बस चालक की लापरवाही से मासूम की कुचलकर मौत
धौलाना। गांव नंगला छज्जू में स्कूल बस चालक की लापरवाही से एक मासूम की कुचलकर मौत हो गई। इससे भड़के परिजनों ने चालक की गिरफ्तारी की मांग को लेकर थाने पर प्रदर्शन किया। इस दौरान आक्रोशित ग्रामीणों ने थाने के पास एक बस स्टैंड पर जाम भी लगा दिया। मौके पर पहुंचे पुलिस के आला अधिकारियों के समझाने के बाद ग्रामीण शांत हुए। इसके बाद पुलिस ने ग्रामीणों की मौजूदगी में शव का पंचनामा भरकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा।
ग्राम नंगला छज्जू निवासी श्रवण कुमार पुत्र लाखन सिंह ने बताया कि उसकी भतीजी हर्षिता कस्बा धौलाना स्थित नव उदय पब्लिक स्कूल में नर्सरी में पढ़ती थी। वह स्कूल की बस से आती-जाती थी। बृहस्पतिवार की दोपहर को स्कूल की छुट्टी के बाद बस बच्चों को गांव में छोड़ने आई थी। बस में कंडक्टर मौजूद नहीं था। बताया कि बस चालक अमित कुमार पुत्र रणवीर निवासी नंदपुर ने बच्चों को हड़बड़ी में उतरने के लिए मजबूर कर दिया। बच्चे जैसे ही बस से उतरकर चले चालक ने बस चला दी। इस दौरान उसकी भतीजी हर्षिता बस से कुचल गई, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई। बच्चों के शोर मचाने पर आरोपी चालक बस को लेकर वहां से भाग गया। घटना के बाद मौके पर ग्रामीणाें की भीड़ लग गई। ग्रामीणों ने बस का पीछा किया। इस दौरान आरोपी बस को स्कूल पर खड़ी करके वहां से फरार हो गया। आक्रोषित ग्रामीण परिजनों के साथ आरोपी चालक व स्कूल प्रबंधन के खिलाफ कार्रवाई की मांग को लेकर थाने पर पहुंचे। इस दौरान ग्रामीणों ने जमकर हंगामा किया। पुलिस ने श्रवण कुमार की तहरीर पर बस को कब्जे में लेकर आरोपी बस चालक अमित कुमार प्रबंधक प्रीति चौहान व दो अज्ञात लोगों के खिलाफ विभिन्न धाराओं में मामला दर्ज किया गया है।
शिकायत के बाद भी स्कूल प्रबंधन ने नहीं उठाया था कदम
- गांव नगला छज्जू निवासी श्रवण कुमार ने बताया कि बस चालक पहले भी लापरवाही से बस चलाता रहा है। पूर्व में भी बस चालक की लापरवाही को लेकर उसने स्कूल संचालक से शिकायत की थी, लेकिन प्रधानाचार्य और संचालक ने ध्यान नहीं दिया।
पूर्व में भी बस की टक्कर से एक की हो चुकी है मौत
- धौलाना स्थित नव उदय पब्लिक स्कूल के संचालक के खिलाफ ग्रामीणों में आक्रोश है। एक माह पूर्व भी गांव सिखेड़ा निवासी एक परिजन ने स्कूल संचालक पर विभिन्न धाराओं में मामला दर्ज कराया था। वहीं थाना धौलाना पहुंचे गांव सौलाना निवासी राहुल चौहान ने क्षेत्राधिकारी को बताया कि पूर्व में स्कूल की बस की टक्कर से उसके पिता की भी मौत हो चुकी है, जिसका मामला अज्ञात में दर्ज किया गया था।
थाने के बाहर देर शाम तक जमा रहे ग्रामीण
- घटना से आक्रोशित ग्रामीण स्कूल संचालक पर कार्रवाई और आरोपी चालक की गिरफ्तारी की मांग को लेकर देर शाम तक थाने के बाहर जमा रहे।
कोट
थाना प्रभारी निरीक्षक सुबोध कुमार सक्सेना ने बताया कि इस संबंध में एक व्यक्ति को हिरासत में लिया गया है चालक की तलाश की जा रही है, जल्द ही आरोपी चालक को गिरफ्तार कर जेल भेजा जाएगा।