गैर मान्यता प्राप्त मदरसों का आज से शुरू होगा सर्वे
हापुड़। गैर मान्यता प्राप्त मदरसों का सर्वे शुक्रवार (आज) से शुरू हो जाएगा, इसके लिए समिति का गठन कर लिया गया है। अपर जिलाधिकारी की अध्यक्षता में तीन सदस्यीय समिति कुल 12 बिंदुओं पर सर्वे कर जिलाधिकारी को जांच रिपोर्ट सौंपेगी।
एसडीएम दिग्विजय सिंह ने बताया कि उत्तर प्रदेश मदरसा बोर्ड की हाल ही में हुई बैठक में गैर मदरसों का सर्वे कराए जाने का निर्णय लिया गया था। इसके लिए जिले में भी निर्देश प्राप्त हुए थे। हापुड़ तहसील में उनकी अध्यक्षता में जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी अर्चना गुप्ता, जिला अल्पसंख्यक अधिकारी सुमन गौतम द्वारा सर्वे किया जाएगा।
उन्होंने बताया कि जिन बिंदुओं पर सर्वे किया जाना है उनमें मदरसे का संचालन करने वाली समिति का नाम, मदरसे का नाम, स्थापना का वर्ष, मदरसे की अवस्थिति का संपूर्ण विवरण (निजी अथवा किराए का भवन), भवन में सुविधाएं जैसे पेयजल, फर्नीचर, विद्युत आपूर्ति, शौचालय की स्थिति, छात्रों की संख्या, शिक्षकों की संख्या की जानकारी ली जाएगी।
इसके अलावा मदरसे में लागू पाठ्यक्रम, आय के स्त्रोत के बारे में भी पूरी जानकारी ली जाएगी। वहीं, यहां पढ़ने वाले छात्र किसी अन्य विद्यालय में नामांकित है या छात्र किसी अन्य सरकार-समूह में मदरसों की संबद्धता है इसके बारे में भी जानकारी की जाएगी। उन्होंने बताया कि सभी मदरसों का सर्वे कर पांच अक्तूबर तक जिलाधिकारी को रिपोर्ट सौंप दी जाएगी।