फोटो - 14, 15
चर्बी कारोबारी के घर मारा छापा, 1.08 की पकड़ी कर चोरी
हापुड़। गाजियाबाद की जीएसटी से जुड़े विशेष अनुसंधान शाखा (एसआईबी) की टीम ने बृहस्पतिवार को बुलंदशहर रोड आवास विकास निवासी चर्बी कारोबारी मोहम्मद अमजद के आवास पर छापा मारा। टीम ने कई बोगस फर्मों से खरीद फरोख्त के माध्यम से 1.08 करोड़ की कर चोरी पकड़ी है। अधिकारी करीब 1.75 करोड़ की चोरी की आशंका जता रहे हैं, जिसकी जांच की जा रही है। बड़ी बात है कि टीम को व्यापार का कोई रिकार्ड ही नहीं मिला है।
जीएसटी के डिप्टी कमिश्नर रमेश कुमार बैश ने बताया कि मोहम्मद अमजद चर्बी व पशु के अवशेष का व्यापार करते हैं। उनकी मोहम्मद खालिद एंड संस के नाम से फर्म है। बृहस्पतिवार को उनके व सहायक आयुक्त गौरव राजपूत के नेतृत्व में एक टीम पुलिस बल के साथ व्यापारी के घर पहुंची और फर्म संबंधित दस्तावेजों को कब्जे में लेकर जांच शुरू की।
प्रारंभिक जांच में कारोबारी के दस्तावेजों में हेराफेरी कर 1.08 करोड़ की टैक्स चोरी पकड़ी गई है। जबकि दस्तावेजों की और जांच की जा रही है। फर्म मालिक ने पांच लाख रुपये मौके पर जमा करा दिए, जबकि बाकी धनराशि को सोमवार तक जमा करने का समय मांगा है। अधिकारी ने बताया कि शिकायत मिलने के बाद पिछले काफी दिनों से यहां की रैकी की जा रही थी। आवास के स्थान पर व्यवसायिक स्थल दर्शाया हुआ था। जबकि कारोबार आवास से ही किया जा रहा था। लेकिन यहां से माल की सप्लाई नहीं हो रही थी। कारोबारी ने इसे स्वीकार भी किया है। टीम ने सभी दस्तावेजों को कब्जे में ले लिया है।
रैकेट बनाकर किया जा रहा काम -
अधिकारियों की माने तो चर्बी के कुछ और कारोबारियों की जांच की जा रही है। यह एक बड़ा रैकेट है, जो बोगस फर्म के माध्यम से कारोबार कर रहे हैं। कुछ और कारोबारी टीम के रडार पर हैं, जिनके खिलाफ जल्द ही कार्रवाई हो सकती है। दरअसल, मीट और चर्बी का हापुड़ में करोड़ों का कारोबार होता है। पाबंदियों के बावजूद अब कारोबारी बोगस फर्माें के नाम पर भी काम कर रहे हैं। ऐसे में आने वाले दिनों में ऐसी और कार्रवाई हो सकती हैं।
शहर में बढ़ रही कर चोरी की घटनाएं
पिछले कुछ महीनों में शहर में कर चोरी के मामले में छह से अधिक कार्रवाई की गई हैं। जिनमें करोड़ों की कर चोरी पकड़ी गई है। इस स्थिति को देखते हुए अंदाजा लगाया जा सकता है कि हापुड़ कर चोरी के मामले में बदनाम हो रहा है।