लखन हत्याकांड के मुख्य आरोपी को पुलिस ने रिमांड पर लिया
हापुड़। कचहरी के बाहर हुई लखन की हत्या में मामले में पुलिस ने आरोपी सुनील चचूला को सोमवार दोपहर 12 बजे कस्टडी रिमांड पर ले लिया। उससे पूछताछ के बाद पुलिस देर शाम तक घटना में प्रयुक्त पिस्टल को बरामद करने के लिए जंगलों की खाक छानती रही।
16 अगस्त को कचहरी परिसर के बाहर धौलाना में आई बरात में हत्या के आरोपी फरीदाबाद निवासी लखन की गोलियों से भूनकर हत्या कर दी गई थी। एक आरोपी सुनील चचूला ने उसी दिन गौतमबुद्ध नगर की सूरजपुर अदालत में आत्मसमर्पण कर दिया था। जिसके बाद हापुड़ पुलिस ने उसे पुलिस कस्टडी के लिए अर्जी दाखिल की थी। कोर्ट ने 27 अगस्त की दोपहर 12 बजे से 24 घंटे के लिए उसकी रिमांड के आदेश जारी किए थे। सोमवार दोपहर पुलिस ने आरोपी को अपनी कस्टडी में ले लिया। कई घंटे की पूछताछ के बाद पुलिस आरोपी को लेकर निजामपुर पहुंची और यहां हाईवे किनारे की झाड़ियों को खंगाला। सूत्रों के अनुसार यहां पुलिस को घटना में प्रयुक्त पिस्टल मिल गई है। लेकिन फिलहाल पुलिस इनकार कर रही है।
एसपी दीपक भूकर ने बताया कि आरोपी को कस्टडी में लेकर पूछताछ की गई। पिस्टल की बरामदगी के भी प्रयास किए जा रहे हैं। जल्दी ही उसे बरामद कर लिया जाएगा।