चाय बनाते समय घर में लगी आग, मुश्किल से निकाला परिवार
हापुड़। थाना बाबूगढ़ क्षेत्र के गांव मुबारिकपुर सलामतपुर में एक मकान में चाय बनाते समय हादसा हो गया। गैस रिसाव के कारण आग ने भयंकर रूप धारण कर लिया। मौके पर पहुंची पुलिस ने बमुश्किल परिवार के लोगों को बाहर निकाला।
गांव मुबारिकपुर सलामतपुर निवासी मुकेश अपने परिवार के साथ रहता है। सुबह रसोई घर में चाय बनाई जा रही थी, तभी गैस सिलिंडर में अचानक गैस का रिसाव हो गया और आग लग गई। आग लगने से अफरा-तफरी मच गई और परिवार के कई लोग आग के कारण मकान में फंस गए। परिजनों ने 112 पर आग की सूचना दी। पुलिस की पीआरवी मौके पर पहुंची। पुलिस कर्मियों ने जैसे-तैसे आग पर काबू पाने का प्रयास किया, फायर कर्मी भी मौके पर पहुंच गए। कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पा लिया गया। इससे पहले पुलिसकर्मियों ने परिवार के लोगों को सकुशल बाहर निकाल लिया। आग लगने से लाखों का नुकसान बताया जा रहा है।
कोतवाली प्रभारी देवेंद्र सिंह बिष्ट ने बताया कि गैस रिसाव होने से आग लग गई थी। समय रहते आग पर पुलिस कर्मियों ने काबू पाया। ऐसे में किसी प्रकार की जनहानि नहीं हुई।