ऊर्जा निगम के मीटर रीडर पर तानी पिस्टल
हापुड़। मीटर की रुकी रीडिंग का पूरा बिल बनाने से गुस्साए एक उपभोक्ता ने बिजलीघर परिसर में घुसकर जेएमटी (जूनियर मीटर टेस्ट) पर पिस्टल तान दी। तहरीर पर पुलिस ने सामान्य धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया। कर्मचारी के फैसला किए बगैर ही पुलिस ने समझौता नामा दिखाकर पीड़ित के खिलाफ ही रिपोर्ट दर्ज कर ली। पीड़ित कर्मचारी ने इस मामले में मुख्य अभियंता कार्यालय में शिकायत कर कार्रवाई की गुहार लगाई है।
पटना मुरादपुर बिजलीघर में जेएमटी पद पर तैनात मनीष कुमार ने बताया कि तीन अगस्त को गढ़ रोड स्थित सर्वोदय कॉलोनी निवासी उपभोक्ता के घर वह रीडिंग लेने गया था। उपभोक्ता ने मीटर की रीडिंग कम भरने के लिए कहा, इसके लिए उसे प्रलोभन भी दिया गया। मना करने पर उससे अभद्रता की गई, जिसके बाद वह बिजलीघर आ गया और रीडिंग सही तरीके से भर दी।
आरोप है कि 8 अगस्त को उक्त उपभोक्ता बिजलीघर आया और उसे धमकाने लगा। विरोध पर उसके ऊपर पिस्टल से गोली चला दी, किसी प्रकार गोली नहीं चल सकी, अन्यथा उसकी जान चली जाती। इस मामले में पीड़ित ने थाने में तहरीर दी, पुलिस ने सामान्य धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया। आरोप है कि चौकी इंचार्ज ने उस पर फैसले का दबाव बनाया। लेकिन वह कार्रवाई की मांग पर अड़ा तो पुलिस ने फर्जी समझौता दिखाकर, उसके खिलाफ ही रिपोर्ट दर्ज कर दी। पीड़ित ने इस मामले में मुख्य अभियंता कार्यालय में शिकायत कर, कार्रवाई की गुहार लगाई है।