वाटर प्रूफ लिफाफों में भाईयों तक राखी भेजेंगी बहनें
हापुड़। रक्षाबंधन पर बहनें अपने भाईयों तक राखियां सुरक्षित भेज सकेंगी। इसके लिए डाकघर से वाटर प्रूफ लिफाफों की बिक्री भी शुरू हो गई है। रक्षाबंधन तक अवकाश में भी कार्य जारी रहेगा, रविवार को भी हापुड़ के डाकघरों में डाक वितरण का कार्य किया गया। बेहतर सुविधा के लिए स्पेशल काउंटर बनाए गए हैं।
रक्षाबंधन भाई बहन के अटूट प्रेम का प्रतीक माना जाता है। दूर नौकरियों पर रहने वाले भाईयों तक राखी पहुंचाने के लिए बहनें आज भी डाकघरों का सहारा लेती हैं। बरसात के मौसम में बिना भीगे और सुरक्षित तरीके से राखी भाईयों तक पहुंचाने के लिए डाक विभाग ने पहल शुरू की है।
इसके लिए सभी डाकघरों में वाटर प्रूफ लिफाफे मुहैया कराए गए हैं। बहनें महज दस रुपये का शुल्क देकर इन लिफाफों को खरीद सकेंगी। किसी भी डाकघर से निर्धारित स्थान के लिए डाक की रजिस्ट्री भी कर सकेंगी। रक्षाबंधन तक डाकघरों में अवकाश के दिनों में भी काम होगा। रविवार को हापुड़ के समस्त डाकघरों में डाक वितरण का कार्य किया गया।
डाक विभाग के वरिष्ठ अधीक्षक राधेश्याम शर्मा ने बताया कि रक्षाबंधन के मद्देनजर बहनें अपने भाईयों को राखी डाक घरों से भेज सकती हैं। स्पेशल काउंटर भी बनवाए गए हैं, अवकाश के दिनों में भी डाक कर्मी डाक वितरण का कार्य कर रहे हैं।