मतदाता सूची को आधार से लिंक करने के लिए आज से चलेगा अभियान
हापुड़। मतदाता पहचान पत्र को आधार से लिंक करने के लिए जिले में सोमवार से अभियान चलाया जाएगा। आधार से मतदाता पहचान पत्र को लिंक कराने के लिए बीएलओ को प्रशिक्षण दिया जा चुका है। इसके अलावा राजनैतिक दलों के प्रतिनिधियों के साथ प्रशासन के अधिकारियों ने बैठक कर लोगों को जागरूक करने की अपील भी की जा चुकी है।
जिले में कुल 10,04,388 मतदाता हैं जिनके, पहचान पत्रों को आधार से लिंक किया जाएगा। इसके लिए सभी बीएलओ को हाल ही में एसएसवी इंटर कॉलेज में प्रशिक्षण दिया गया है। अभियान में बूथ लेवल अधिकारी घर -घर भ्रमण करेंगे। आयोग द्वारा निर्धारित फार्म -6 बी ऑनलाइन जमा करने के लिए दो प्रकार की सुविधाएं प्रदान की जाएगी। जिसमें स्व प्रमाणन के साथ मतदाता पोर्टल और ऑनलाइन फार्म 6बी भर सकते हैं।
एसडीएम दिग्विजय सिंह ने बताया कि अभियान का शुभारंभ सोमवार को जिला मुख्यालय में जिला निर्वाचन अधिकारी द्वारा, तहसील स्तर पर उप जिलाधिकारी द्वारा और बूथ स्तर पर बीएलओ द्वारा किया जाएगा। सात अगस्त, 21 अगस्त और चार सितंबर को प्रत्येक मतदान स्थलों पर विशेष शिविर लगाकर पहचानपत्र को आधार से लिंक किया जाएगा। स्व प्रमाणीकरण के बिना यदि कोई मतदाता स्वयं प्रमाणित नहीं करना चाहता है, या स्व प्रमाणीकरण नहीं हो पाता है तो मतदाता द्वारा प्रमाणीकरण के बिना आवश्यक दस्तावेज ड्राईविंग लाइसेंस, भारतीय पासपोर्ट, बैंक पासबुक, मनरेगा जांच कार्ड, छाया चित्र के साथ पेंशन के साथ फार्म 6बी ऑनलाइन जमा कर सकता है। नए मतदाता सूची में अपना पंजीकरण एक जनवरी, एक अप्रैल, एक जुलाई एवं एक अक्तूबर को आधार मानकर कराया जा सकता है।
-----
तीनों विधानसभा क्षेत्रों में मतदाताओं की संख्या
विधानसभा क्षेत्र पुरुष महिलाएं अन्य योग
धौलाना 153592 136126 16 289734
हापुड़ 197602 169719 24 367345
गढ़मुक्तेश्वर 187052 160226 31 347309
जनपदीय योग 538246 466071 71 1004388
-----
मतदान केंद्र, मतदान स्थल और बीएलओ की संख्या
विधानसभा क्षेत्र मतदान केंद्र मतदान स्थल बीएलओ बीएलओ सुपरवाइजर
धौलाना 126 307 307 30
हापुड़ 142 415 415 41
गढ़मुक्तेश्वर 188 406 406 40
(नोट - यह आंकड़ें निर्वाचन कार्यालय द्वारा दिए गए हैं।)