कुवैत एयरपोर्ट पर नौकरी लगवाने का झांसा देकर 15 लाख ठगे
हापुड़। कुवैत एयरपोर्ट पर नौकरी लगवाने का झांसा देकर दिल्ली में बैठे शातिरों ने11 युवकों से 14 लाख 85 हजार रूपये ठग लिए गए। पीड़ितों ने डीएम से शिकायत कर कार्रवाई की मांग की है।
नगर के मोहल्ला मजीदपुरा गली नंबर-4 निवासी युनूस ने बताया कि उसकी चंडीगढ़ निवासी जाहिद से जान पहचान हैै। जाहिद ने उसे बताया कि एक दिल्ली की कंपनी है जो कुवैत एयरपोर्ट पर नौकरी लगवा रही है। जिसमें 1 लाख 35 हजार रूपये का खर्चा आ रहा है। युनूस व जाहिद ने यह जानकारी अपने सभी दोस्तों व परिचितों को दी। जिसके बाद युनूस व जाहिद के साथ इनके दूसरे जिलों में रहने वाले परिचित साबूद्दीन, आसिफ, इस्माईल, सुऐब खान, राजू, सूफीयान, दिलशाद, फुरकान, सावेज ने धनराशि ऑनलाइन ट्रांसफर कर दी, बाकी कुछ रुपये उन्होंने दिल्ली स्थित एक ऑफिस में जमा किए। दिल्ली स्थित कंपनी से जुड़े युवक ने सभी को बताया कि 13 जुलाई को सभी की कुवैत जाने के लिए फ्लाइट है, लेकिन ऐसा नहीं हुआ। दिल्ली में कंपनी से जुड़े सभी लोगों से संपर्क करना चाहा। लेकिन सभी के फोन बंद आ रहे हैं। इसके बाद पीड़ितों को ठगी होने की जानकारी हुई है। एएसपी सर्वेश कुमार मिश्रा ने बताया कि मामले की तहरीर मिलने के बाद रिपोर्ट दर्ज कर कार्रवाई की जाएगी।