सूदखोरों के डर से युवक एक माह से लापता
हापुड़। नगर कोतवाली क्षेत्र के अंतर्गत मेरठ रोड स्थित मोहल्ला संजय विहार निवासी लव गुप्ता को लापता हुए 28 दिन बीत चुके हैं। लेकिन अभी तक पुलिस उसका सुराग नहीं लगा पाई है। पिता का आरोप है कि सूदखोरों के डर से उसका पुत्र लापता हुआ है, इनके खिलाफ कार्रवाई की जाए।
पिता संजीव गुप्ता ने बताया कि उसका पुत्र लव गुप्ता गोल मार्केट में प्रिंटर का काम करता था। 13 जून को वह सुबह घर से दो तीन दिन के लिए हरिद्वार जाने की बात कहकर गया था। इसके पांच दिनों बाद कुछ लोग उसके घर आए और कहने लगे कि उनके लव गुप्ता पर उधार के रुपये हैं। वह रुपये नहीं दे रहा है और घर से लापता भी हो गया है। उक्त लोगों ने उधार के रुपये न देने पर उसके साथ गाली गलौज करते हुए भविष्य में भुगतने की धमकी दी।
अभी तक भी उसका पुत्र घर वापस नहीं लौटा। जिसकी शिकायत इसी दिन पीड़ित ने एसपी से की।पीड़ित ने उक्त लोगों पर उसके पुत्र को लापता करने और उसके साथ अप्रिय घटना घटित करने की आशंका जाहिर की है।