मानकों से अधिक भरे बच्चे, दो स्कूल बस सीज
हापुड़। सख्ती के बाद भी स्कूल बस संचालक मानकों की अनदेखी कर रहे हैं। शनिवार को परिवहन विभाग द्वारा अभियान चलाया गया। मानकों से अधिक बच्चे भरकर चलने वाली दो बसों को सीज करते हुए छह के चालान किए। इसके अलावा ओवर लोड आठ ट्रकों और बिना फिटनेस चलने वाले आठ ऑटो को सीज किया गया।
एआरटीओ प्रवर्तन महेश कुमार शर्मा ने जिले में दो टीम बनाकर अभियान चलाया। एक टीम ने गढ़मुक्तेश्वर और दूसरी टीम ने हापुड़ में कार्रवाई की। गढ़मुक्तेश्वर में आठ ओवरलोड ट्रकों को सीज किया गया, जबकि हापुड़ में मिनी लैंड पब्लिक स्कूल के बिना फिटनेस चल रहे दो स्कूली वाहनों को सीज किया। इसके अलावा मानकों से ज्यादा बच्चे भरकर ले जा रहे छह स्कूली वाहनों के चालान किए। वहीं, ऑटो को बिना फिटनेस के कारण टीपी नगर थाने में सीज कराया। जबकि आठ ओवर लोड ऑटो रिक्शा के चालान किए। इस दौरान बुलंदशहर हाईवे, दिल्ली-लखनऊ हाईवे स्थित बाबूगढ़, ततारपुर, निजामपुर में अवैध पार्किंग करने वाले 16 वाहनों के विरुद्ध चालान की कार्रवाई की गई। उन्होंने बताया कि आगामी दिनों में भी अभियान जारी रहेगा।