ऑटो में तीन सवारी बैठाने का फरमान, चालकों ने लगाया जाम
हापुड़। शनिवार को ऑटो चालकों के लिए एसपी दीपक भूकर ने नया फरमान जारी किया, जिसमें सिर्फ तीन सवारियों को ही ऑटो में ले जाने के आदेश दिए। इस आदेश के विरोध में ऑटो चालकों ने दिल्ली रोड पर मेरीनो कंपनी के पास जाम लगा दिया, यातायात पुलिस के खिलाफ नारेबाजी करते हुए शोषण का आरोप लगाया। करीब 15 मिनट तक हंगामा जारी रहा, इसके बाद सैकड़ों ऑटो विकास भवन के पास खड़े कर नारेबाजी की गई। एसपी से प्रतिनिधि मंडल मिला, लेकिन कोई राहत नहीं मिल सकी। ऑटो चालकों ने अब सोमवार से कलक्ट्रेट पर धरना देने का निर्णय लिया है।
जिले में 2200 से अधिक ऑटो संचालित हैं, जो विभिन्न मार्गों पर दौड़ते हैं। एसपी दीपक भूकर ने यात्रियों की सुरक्षा की दृष्टि से ऑटो में तीन सवारियों को ही बैठाकर सफर कराने के आदेश दिए। ट्रैफिक इंसपेक्टर मनु चौधरी ने ऑटो चालकों को इन आदेशों से अवगत कराया, इस दौरान ऑटो में ड्राइवर सीट के साथ लगी दो अन्य सीटों को पुलिस कर्मियों ने हटवाना शुरू कर दिया।
इसके विरोध में ऑटो चालकों ने हड़ताल का एलान कर दिया। दिल्ली रोड पर मेरीनो कंपनी के पास ऑटो चालकों ने रोड को जाम कर दिया। इस दौरान पुलिस, प्रशासन के खिलाफ जोरदार नारेबाजी की गई। सड़क पर जाम लगने की सूचना पर पुलिस ने ऑटो चालकों को वहां से हटाया।
सैकड़ों की संख्या में ऑटो को विकास भवन के पास खड़ा कर दिया गया। यहां ऑटो चालकों ने आगे की रणनीति बनाई, पुलिस कर्मियों ने उन्हें समझाया और यातायात के नियमों के प्रति जागरूक किया। लेकिन वह इसका विरोध करते रहे। इसके बाद एक प्रतिनिधि मंडल संपूर्ण समाधान दिवस में एसपी से मिलने पहुंचा।
एसपी ने स्पष्ट कहा कि नियमों के तहत ही ऑटो का संचालन किया जाए। तीन सवारियां को बैठाकर सफर कराएं, यात्रियों के जान से खिलवाड़ नहीं होने दिया जाएगा। वहां से लौटै प्रतिनिधि मंडल ने अन्य ऑटो चालकों को इसके बारे में जानकारी दी तो विरोध तेज हो गया। गढ़ रोड पर ऑटो का संचालन बंद कर दिया गया, साथ ही सोमवार से कलक्ट्रेट पर धरने की चेतावनी दी गई। इस मौके पर कुलदीप सिंह, अनस, शोएब, अमित, राहुल, कुक्कु, अजय, राहुल, आसिफ, कामरान, शाहरुख, दिलशाद, दानिश, सादाब आदि मौजूद रहे।
कोट -
यात्रियों की सुरक्षा और यातायात के नियमों की जानकारी ऑटो संचालकों को दी गई है। ऑटो में तीन से अधिक यात्रियों को सफर न कराया जाए। नियमों की अनदेखी करने पर सख्त कार्रवाई होगी।--दीपक भूकर, एसपी।
शनिवार को विकास भवन के पास टैम्पू चालको से बात करते पुलिसकर्मी । संवाद- फोटो : HAPUR
शनिवार को विकास भवन के पास बैठक करते टैम्पू चालक । संवाद- फोटो : HAPUR
शनिवार को दिल्ली रोड पर टैम्पू खड़े कर सड़क पर जाम लगाते टैम्पू चालक । संवाद- फोटो : HAPUR
शनिवार को दिल्ली रोड पर टैम्पू खड़े कर सड़क पर जाम लगाते टैम्पू चालक । संवाद- फोटो : HAPUR
शनिवार को दिल्ली रोड पर चालको द्वारा खड़े किये गये टैम्पू । संवाद- फोटो : HAPUR