बाइक सवार बदमाशों ने युवक से सात हजार रुपये और एटीएम कार्ड लूटा
हापुड़। बाइक से घर लौट रहे महमदपुर निवासी राहुल त्यागी को थाना बाबूगढ़ क्षेत्र के कुचेसर चौपला-महमदपुर मार्ग पर सात बदमाशों तमंचों के बल पर रोक लिया। बदमाशों ने पिटाई करते हुए सात हजार रुपये, एटीएम और आईडी कार्ड लूट लिए। इसके बाद बदमाश गोली मारने की धमकी देते हुए फरार हो गए। शुक्रवार सुबह युवक परिजनों के साथ थाने पहुंचा और तहरीर दी।
राहुल त्यागी ने बताया कि वह हापुड़ में एक प्राइवेट कंपनी में नौकरी करता है। रोज वह बाइक से आता जाता है। बृहस्पतिवार रात भी वह बाइक पर सवार होकर कंपनी से घर वापस लौट रहा था। थाना बाबूगढ़ क्षेत्र के कुचेसर चौपला से गांव की ओर चलने पर रास्ते में कुछ लोग उसे खड़े दिखाई दिए। जब वह करीब पहुंचा तो तीन बाइक पर बैठे सात बदमाशों ने उसे रोक लिया। बाइक रुकते ही बदमाशों ने उसकी कनपटी पर तमंचा सटाकर उतार लिया। उसकी तलाशी लेने के साथ उसके साथ पिटाई की गई।
बदमाशों ने उसकी जेब में रखे सात हजार रुपये, एटीएम और आईडी कार्ड लूट लिए। बदमाशों ने किसी को सूचना देने पर गोली मारने की धमकी दी। बदमाश पीड़ित की बाइक की चाबी और मोबाइल आदि लेकर फरार हो गए। जैसे-तैसे वह घर पहुंचा। सुबह उसने मामले की शिकायत पुलिस से की। बाबूगढ़ थाना प्रभारी निरीक्षक देवेंद्र सिंह बिष्ट ने बताया कि तहरीर के आधार पर रिपोर्ट दर्ज की जा रही है। इस संबंध में संदिग्धों से पूछताछ की जा रही है। जल्द ही घटना का खुलासा किया जाएगा।