शादी का झांसा देकर किशोरी से दुष्कर्म, विरोध पर चाकू से किया हमला
हापुड़। प्रेमजाल में फंसाकर शादी करने का झांसा देकर मोहल्ले के ही एक युवक ने किशोरी के साथ दुष्कर्म किया। शिकायत करने पर आरोपी के परिवार के लोगों ने मारपीट की वहीं किशोरी पर चाकू से हमले का भी आरोप है। एसपी के आदेश पर पुलिस ने आरोपी समेत चार लोगों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज की है
कोतवाली क्षेत्र के एक मोहल्ला निवासी व्यक्ति ने बताया कि एक वर्ष पूर्व उसकी 16 वर्षीय पुत्री को मोहल्ला निवासी युवक ने प्रेम जाल में फंसाकर दुष्कर्म किया। शादी की बात से मुकरने पर किशोरी ने मामले की जानकारी परिजनों को दी तो उनके होश उड़ गए। आरोप है कि शिकायत करने पर युवक और उसके परिजन 27 मार्च को उसके घर में घुस आए। मारपीट करते हुए युवक ने पुत्री की कलाई पर चाकू से वार कर घायल कर दिया था। एसपी के आदेश पर पुलिस ने आरोपित युवक समेत चार नामजद आरोपियों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज की है
नशीला पदार्थ पिलाकर युवती से दुष्कर्म
थाना बाबूगढ़ क्षेत्र के एक गांव निवासी युवती ने बताया कि वह बीए प्रथम वर्ष की छात्रा है। कुछ दिन पहले वह गांव निवासी एक युवक के साइबर कैफे पर ऑनलाइन फार्म भरवाने के लिए गई थी। युवक ने छात्रा को कोल्ड ड्रिंक में नशीला पदार्थ मिलाकर पिला दिया। बदहवाशी की हालत में आरोपी ने उसके साथ दुष्कर्म किया। इतना ही नहीं छात्रा की अश्लील वीडियो बना ली। वीडियो वायरल करने की धमकी देकर आरोपी समय-समय पर छात्रा से दुष्कर्म करता रहा। जबकि कुछ दिन पहले आरोपी ने वीडियो वायरल कर दी। पीड़िता की तहरीर पर पुलिस ने नामजद आरोपी के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर ली है। एसपी दीपक भूकर ने बताया कि आरोपियों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज करते हुए उनकी गिरफ्तारी के प्रयास किए जा रहे हैं।