7000 टैबलेट, 4 हजार स्मार्ट फोन मिले, बोर्ड परीक्षा के बाद बंटेंगे
हापुड़। तकनीकी शिक्षा को बढ़ावा देने के लिए यूपी बोर्ड परीक्षा के बाद टैबलेट और स्मार्ट फोन का वितरण छात्रों में शुरू होगा। शासन से शिक्षा विभाग को सात हजार टैबलेट और चार हजार स्मार्ट फोन का स्टॉक मिल गया है। इसकी नोडल एडीएम को बनाया गया है। शिक्षा विभाग के अधिकारियों की व्यस्तता के चलते ही वितरण नहीं हो पा रहा है।
शासन ने तकनीकी और गैर तकनीकी छात्रों को आधुनिक शिक्षा से जोड़ने के लिए स्मार्ट फोन और टैबलेट वितरण का निर्णय लिया है। हापुड़ जिले के विभिन्न कॉलेजों के 35 हजार से अधिक छात्रों ने आवेदन किया है। यह आवेदन कॉलेजों ने यूनिवर्सिटी में जमा कराए थे, जिसके बाद शासन में सूची भेजी गई थी।
हापुड़ जिले के सिर्फ 200 छात्रों को ही अभी तक टैबलेट मिल सके हैं। जिले में टैब, फोन वितरण के कार्यक्रम की रूपरेखा बनाई गई थी। लेकिन चुनावी आचार संहिता के चलते इनका वितरण नहीं हो सका था। छात्र तभी से तकनीकी उपकरणों के बांटे जाने का इंतजार कर रहे हैं।
अब शासन से अधिकारियों को आदेश मिले हैं, इसी क्रम में सात हजार टैबलेट और चार हजार स्मार्ट फोन का स्टॉक जिले को आवंटित कर दिया गया है। जिन्हें जिला विद्यालय निरीक्षक की निगरानी में सुरक्षित रखा गया है। लेकिन वितरण बोर्ड परीक्षा के बाद ही हो सकेगा।
इंतजार में बीत गए छह महीने
टैबलेट के इंतजार में छह महीने बीत गए हैं, लेकिन अभी तक लाभ नहीं मिल सका है। आधुनिक शिक्षा से जुडने के लिए टैबलेट आदि की जरूरत है। - मोहित पाल, छात्र।--फोटो संख्या--07
ऑनलाइन शिक्षा को मिलेगा बढ़ावा
कोरोना महामारी में ऑनलाइन शिक्षा को ही प्राथमिकता दी जाती है। टैबलेट या स्मार्ट फोन पास हो तो कोई परेशानी नहीं होती। सरकार की पहल सराहनीय है।--सुल्तान खान, छात्र। --फोटो संख्या--08
बोर्ड परीक्षा के बाद होगा वितरण
छात्रों में वितरण के लिए 11 हजार स्मार्ट फोन और टैबलेट मिल गए हैं। लेकिन इनका वितरण बोर्ड परीक्षा के बाद ही हो सकेगा। छात्रों को परेशान होने की जरूरत नहीं है।--निशा अस्थाना, डीआईओएस।