15 दिन में 300 रुपये सस्ता हुआ आलू, मंडी में 500 तक का मिल रहा भाव
हापुड़। मंडी में आलू के दाम 15 दिन के अंदर 300 रुपये तक गिर गए हैं, अब अच्छे आलू के दाम महज 400 से 500 रुपये/कट्टा तक ही मिल रहे हैं। फसल 30 फीसदी तक कम निकल रही है, फिर भी दाम गिरने से किसानों की परेशानियां बढ़ गई हैं। क्योंकि बीते साल भी आलू उत्पादक किसानों को लागत निकाल पाना मुश्किल हो गया था।
जिले के 4500 हेक्टेयर रकबे में हर साल आलू की बुवाई की जाती है। इस बार लगातार बारिश के कारण आलू की फसल में ब्लाइट लग गई थी। जिसका असर उत्पादकता पर पड़ा है, 30 प्रतिशत तक कम आलू निकल रहा है। ऐसे में किसानों को उम्मीद थी कि इस बार आलू के दाम बंपर भाव मिलेंगे।
लेकिन इन दिनों मंडी में आलू के दाम लगातार गिर रहे हैं। मंडी में थोक विक्रेता ब्रिजेश त्यागी ने बताया कि हाईब्रिड आलू का कट्टा 300 से 350 रुपये तक का बिक रहा है। जबकि चिप्सोना आलू 500 रुपये/कट्टा तक बिक्री किया जा रहा है। आलू की खोदाई तेजी से चल रही है, मंडी में बंपर आलू आ रहा है। जिसके चलते दाम गिर रहे हैं।
शीतगृत का किराया 130 रुपये, कैसे निकलेगी लागत
शीतगृह में आलू भंडारण का किराया 130 रुपये/कट्टा है। जबकि बिक्री 500 रुपये तक ही हो पा रही है, इसमें लागत, लेबर चार्ज जोडने के बाद लागत निकाल पाना भी मुश्किल होगा। शासन को इस पर ध्यान देना चाहिए। - जतिन चौधरी, किसान रसूलपुर।--फोटो संख्या--15
आलू का घोषित हो समर्थन मूल्य
आलू का समर्थन मूल्य घोषित नहीं होने के कारण हर साल किसानों को नुकसान उठाना पड़ रहा है। इस साल खेतों में ऊपज भी कम है, फिर भी आलू के दाम लगातार गिर रहे हैं। आलू किसानों को मुआवजा की व्यवस्था करायी जाए। - शेखर त्यागी, किसान, माधापुर।--फोटो संख्या--16
आलू की आवक से प्रभावित हो रहे रेट
इन दिनों जिले में आलू की खोदाई चल रही है। मंडी में आवक अधिक है, जिसके चलते रेट प्रभावित हो रहे हैं। अच्छे दाम मिलने पर किसान आलू की बिक्री करते रहें। - एसके शर्मा, जिला उद्यान निरीक्षक।