सिलाई मशीन वितरण में अवैध वसूली पर सभासदों का हंगामा
हापुड़। जिला उद्योग केंद्र की ओर से संचालित सिलाई मशीन वितरण योजना में अवैध वसूली करने का का आरोप लगाते हुए शुक्रवार को सभासदों ने हंगामा किया। एसडीएम कार्यालय में शिकायत कर कार्रवाई की मांग की गई है।
सभासद नरेश भाटी ने कहा कि शहर के सिलाई मशीन दिलाने के नाम पर कुछ लोगों द्वारा अवैध उगाही की जा रही है। जिनमें शहर के जन सेवा केंद्र भी शामिल हैं। जहां कुछ लोग जिला उद्योग केंद्र की ओर से लगाए गए हैं। इससे अधिकारियों और नगर पालिका परिषद के सभासदों को बदनाम करने का काम किया जा रहा है।
उन्होंने कहा कि पिछले दिनों बुलंदशहर रोड स्थित जन सेवा केंद्र पर फर्जी प्रमाण पत्र बनाने का मामला भी संज्ञान में आया है। जिस कारण सभासदों की छवि धूमिल हो रही है। अब सिलाई मशीन के नाम पर फार्म भरवाने के दौरान लोगों से अवैध उगाही की जा रही है। जिसे बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।
एसडीएम कार्यालय पहुंचकर पूरे मामले से अवगत कराया। इस गोरखधंधे में संलिप्त लोगों पर कार्रवाई की मांग की गई। ज्ञापन देने वालों में सभासद धर्मदत्त, यतीश कुमार, महेश चंद सैनी, सुनील सैनी, जगन सिंह, सुमनपाल सिंह, हाजी अय्यूब, सुनील पटवारी, अरविंद यादव, नूरइलाही, दरवेश शर्मा, शलाउद्दीन आदि मौजूद रहे।