ट्रांसपोर्टर पर 2.6 लाख का माल हड़पने का आरोप
हापुड़। थाना देहात क्षेत्र के गांव पटना रोड स्थित कृषि यंत्र बनाने की फैक्टरी के मालिक का एक ट्रांसपोर्टर ने करीब 2.60 लाख रुपये का माल हड़प लिया। व्यापारी ने ट्रांसपोर्टर के माध्यम से कृषि यंत्र गुजरात भिजवाए थे। व्यापारी ने ट्रांसपोर्टर से माल वापस मांगा तो आरोपी ने जान से मारने की धमकी दी। इस मामले में व्यापारी की तहरीर पर पुलिस ने रिपोर्ट दर्ज की है।
नगर के मोहल्ला रघुवीर गंज निवासी राजीव कुमार ने बताया कि थाना देहात क्षेत्र के गांव पटना रोड पर उनकी कृषि यंत्र बनाने की फैक्टरी है। कुछ दिन पहले उन्होंने कुछ कृषि यंत्रों को गुजरात भिजवाने के लिए उन्होंने देहात क्षेत्र के गढ़ रोड स्थित गिरजा माता ट्रांसपोर्ट कंपनी के मालिक से संपर्क किया। ट्रांसपोर्टर कृषि यंत्रों को भिजवाने के लिए तैयार हो गया। व्यापारी ने ट्रांसपोर्टर के मिनी पिकअप में कृषि यंत्र रखवा दिए। लेकिन यह माल बताए गए पते पर नहीं पहुंचा और किसी अन्य व्यक्ति को बेच दिया गया। कृषि यंत्रों की कीमत करीब 2.60 लाख थी। इस मामले में पीड़ित ने थाने में तहरीर दी। सीओ सीओ वैभव पांडेय ने बताया कि ट्रांसपोर्टर के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर ली गई है। माल की तलाश की जा रही है।