न लूट का हुआ खुलासा न पकड़े गए व्यापारी के हत्यारे
हापुड़। दस दिन पहले गढ़ रोड स्थित फ्लाई ओवर पर गुड़ व्यापारी के साथ हुई तीन लाख रुपये की लूट और चार दिन पहले धौलाना में किराना व्यापारी की हत्या के मामले में पुलिस के हाथ अभी भी खाली हैं। दोनों बड़ी घटनाओं का खुलासा नहीं होनें पर व्यापारियों में रोष पनप रहा है।
24 दिसंबर को हापुड़ के पक्काबाग निवासी गुड़ व्यापारी गोविंद को गढ़ रोड स्थित फ्लाईओवर पर बाइक सवार बदमाशों ने गोली मारकर तीन लाख रुपये लूट लिए थे। इसके अलावा धौलाना में किराना व्यापारी नेत्रपाल की उस समय गोली मारकर हत्या कर दी गई थी, जब वे पुत्र के साथ दुकान से घर लौट रहे थे।
व्यापारियों के बार बार अल्टीमेटम के बाद पुलिस दोनों मामलों में सुस्त दिखाई पड़ रही है। दोनों ही मामलों में पुलिस बदमाशों का कोई सुराग नहीं लगा पाई है। पूछताछ के लिए कई संदिग्धों को हिरासत में जरूर लिया गया है, लेकिन नतीजा शून्य रहा है। जिसके बाद एक बार फिर व्यापारी लामबंद होने लगे हैं। संयुक्त हापुड़ उद्योग व्यापार मंडल के जिलाध्यक्ष ललित कुमार छावनी वालों का कहना है कि दो बड़ी वारदातों का खुलासा करने में पुलिस विफल रही है। इसके लिए व्यापारियों के साथ बैठक कर अगली रणनीति पर विचार किया जाएगा। बैठक की तिथि जल्द घोषित की जाएगी।