श्यामपुर में ओवरहेड टैंक निर्माण के विरोध में कलक्ट्रेट पर हंगामा
हापुड़। गांव श्यामपुर में ओवरहेड टैंक के निर्माण को लेकर ग्राम प्रधान पक्ष और ग्रामीणों के बीच ठन गई है। बृहस्पतिवार को बड़ी संख्या में ग्रामीणों ने कलक्ट्रेट पहुंचकर हंगामा किया। ग्राम प्रधान पर जबरन तीज त्योहार वाले स्थान पर ओवरहेड टैंक बनवाने के प्रयास का आरोप लगाया। ग्रामीणों ने गांव में दूसरा स्थान चिन्हित करने के लिए डीएम को ज्ञापन सौंपा है।
हंगामा कर रहे ग्रामीणों ने बताया कि गांव में जिस स्थान पर प्रधान द्वारा टंकी बनवाई जा रही है। वहां गांव की महिलाएं तीज, होली आदि त्योहार मनाती हैं। साथ ही यह जमीन गांव से काफी नीची हैं, जहां टंकी बनने से भी ग्रामीणों को पानी की सप्लाई आसानी से नहीं हो सकेगा।
उन्होंने बताया कि गांव में 14 से अधिक स्थानों पर एलएमसी की जमीन खाली पड़ी है। जहां पानी की टंकी बनवाई जा सकती है। लेकिन ग्राम प्रधान तीज त्योहार वाले स्थान पर ही टंकी निर्माण को लेकर अड़ा है। अब इस मामले को लेकर गांव में दो पक्ष बन गए हैं। जिसके कारण गांव में तनाव की स्थिति बन गई है। हालांकि बुधवार को कुछ लोगों ने इसी स्थान पर टंकी बनाए जाने का समर्थन भी किया था।
ग्रामीणों ने कलक्ट्रेट पर इस मामले को लेकर जोरदार हंगामा किया। डीएम को ज्ञापन सौंपकर, ऐसे स्थान पर टंकी निर्माण कराने की मांग की, जहां से आसानी से पानी की सप्लाई हो सके।
हंगामा करने वालों में अनुज, मनोज, देवेंद्र, लल्लू सिंह, ओंमपाल सिंह, बब्ली, पंकज, सचिन, सुधीर, सेंसर, जयविंदर, शुभम, राहुल, मुन्नू, दीपक, सतेंद्र, सुषमा, सोनिका, कुसुम, सीमा, अनीता, मनजीत कौर, अलका, नीतू, अवनीत कौर आदि मौजूद रहे।