त्योहारों में उत्साह बरकरार, रोजाना टीकाकरण पांच हजार के पार
हापुड़। टीकाकरण को लेकर त्योहारों में भी उत्साह बरकरार है। रोजाना पांच हजार से अधिक लोग टीका लगवाने बूथों पर पहुंच रहे हैं। अब तक 9.20 लाख से अधिक लोग टीका लगवा चुके हैं, अभियान को गति देने के लिए बिना स्लॉट बुक कराए ही टीके लगाए जा रहे हैं, साथ ही नौकरी पेशे वालों के लिए रात में भी टीकाकरण शुरू किया गया है।
कोरोना महामारी से बचाव के लिए जिले में टीकाकरण का छठा अभियान चल रहा है। 18 साल से अधिक उम्र की करीब 9 लाख आबादी को टीका लगाने के लिए युद्धस्तर पर अभियान चल रहा है। इसमें लोगों का उत्साह भी खूब देखने को मिल रहा है। यही कारण है कि दीवाली जैसे त्योहार पर भी यह उत्साह बरकरार रहा। रोजाना पांच हजार से अधिक लोग टीकाकरण कराने के लिए बूथों तक पहुंच रहे हैं।
महिलाओं के लिए बने हैं स्पेशल बूथ
महिलाओं में टीकाकरण को बढ़ाने के लिए स्पेशल बूथ बनाए गए हैं। जिसमें कोठीगेट स्थित पीपीसी पर दो बूथ बने हैं, जहां महिलाएं बिना स्लॉट बुक कराए ही टीका लगवा रही हैं। अभिभावकों के लिए भी टीकाकरण की अलग से व्यवस्था की गई है। इनके लिए जिला अस्पताल और सिखैड़ा सीएचसी में अलग से बूथ बनाए गए हैं। बिना स्लॉट बुक कराए ही यहां टीकाकरण कराया जा सकता है।