गोल मार्केट : हापुड़ का चांदनी चौक, हर वर्ग के लिए खास
हापुड़। गोल मार्केट नगर का प्रमुख बाजार है। जिस प्रकार दिल्ली में चांदनी चौक है, उसी तरह इस मार्केट में भी सभी सामान उपलब्ध हैं। शहर ही नहीं देहात क्षेत्र के लोग भी यहां खरीदारी के लिए पहुंचते हैं।
महंगाई के इस दौर में लोगों को सस्ते सामान की दरकार रहती है। सभी वर्ग के लोग अपनी जरूरतों के हिसाब से खरीदारी करते हैं। गोल मार्केट ऐसा ही बाजार है। जहां पर लोगों को अपनी जरूरत का सभी सामान सस्ते और बेहतर क्वालिटी का मिल जाता है।
बाजार की शुरुआत अतरपुरा चौपला से होती है। शुरूआत में मोबाइल और जूतों की दुकानें हैं। हर प्रकार की वैरायटी यहां मौजूद है। मोबाइल का एक अलग मार्केट है, जिसमें दर्जनों दुकानें हैं और सस्ते और महंगे सब प्रकार के मोबाइल उपलब्ध हैं। वहीं मोबाइल का सभी सामान तो मिलता ही है वहीं दुकानों पर रिपेयरिंग की भी सुविधा है। किताबों की कई दुकानें हैं। इसके अलावा साड़ी से लेकर श्रृंगार के लिए यहां साधना मार्केट है। तंग गलियों में महिलाओं के लिए यह बाजार काफी खास है। बाजार में करीब साढ़े तीन सौ दुकानें हैं और दिवाली पर यहां विशेष लाइटिंग होती है।
बाजार का इतिहास
गोल मार्केट करीब 75 साल पुराना बाजार है। इसका नाम गोल मार्केट यहां की गोल परिधि के कारण पड़ा। इस बाजार में आने वाला व्यक्ति बाजार में घूमकर कोठीगेट पहुुंच जाता था। पहले यह बाजार ताराचंद की हवेली से आगे लगता था। अब चौपले तक यह बाजार है। 75 साल पहले यहां करीब 50 दुकानें थी जो अब बढ़कर करीब 350 हो गई हैं। मार्केट की अभी तक कोई एसोसिएशन नहीं हैं, लेकिन कुछ मुख्य व्यापारी हमेशा तत्पर रहते हैं।
खरीदारी के लिए कहीं और जाने की नहीं जरूरत
गोल मार्केट हापुड़ के पुराने बाजारों में शामिल है, यहां की खासियत है कि आम आदमी की अधिकतर जरूरतों का सामान इस छोटे से दायरे में मौजूद है। शहर और देहात का ग्राहक यहां विश्वास के साथ आता है और वह विश्वास वर्षों से कायम है।-दिनेश गुप्ता, घड़ी विक्रेता।-फोटो-18
दिवाली पर होती है विशेष सजावट
गोल मार्केट में दिवाली पर विशेष सजावट की जाती है। यहां त्यौहारों का माहौल अलग ही रहता है। बड़ी संख्या में लोग यहां खरीदारी करने के लिए पहुंचते हैं। दूसरे शहरों से भी यहां लोग सहूलियत के हिसाब से आने लगे हैं।-नवरत्न जैन, रेडीमेड गारर्मेंट व्यापारी।-फोटो-20