भाकियू नगर अध्यक्ष की दुकान का ताला तोड़कर चोरी
हापुड़। गढ़ रोड स्थित ततारपुर बाइपास के पास भाकियू के नगर अध्यक्ष की खल चूरी की दुकान का ताला तोड़कर चोर लाखों का माल चोरी कर ले गए। पुलिस ने रिपोर्ट दर्ज कर चोरों की तलाश शुरू कर दी है।
कोतवाली क्षेत्र के मोहल्ला चंडी मंदिर रोड निवासी केशव अग्रवाल भाकियू के नगर अध्यक्ष हैं। थाना देहात क्षेत्र के गढ़ रोड स्थित ततारपुर बाइपास के पास उनकी खल-चूरी की दुकान है। उन्होंने बताया कि शुक्रवार रात वह दुकान का ताला लगाकर घर लौट गए थे। देर रात चोर ताला तोड़कर दुकान में घुस गए। चोरों ने दुकान में रखे सरसों के तेल के 20 टीन, इनवर्टर, बैट्रा, सीसीटीवी कैमरे की डीवीआर समेत अन्य सामान चोरी कर लिया। शनिवार सुबह उन्हें मामले की जानकारी हुई। इसके बाद पुलिस को सूचित किया। सूचना पर सीओ सिटी वैभव पांडेय पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंच गए और जांच की। सीओ ने बताया कि मामले में रिपोर्ट दर्ज कर चोरों की तलाश शुरू कर दी गई है।