बुलेट बाइक और दो लाख रुपये न मिलने पर दिया तीन तलाक
हापुड़। दहेज में बुलेट बाइक और दो लाख रुपये की मांग पूरी न होने पर पति ने विवाहिता को तीन तलाक देकर घर से निकाल दिया। पीड़िता ने पति सहित तीन लोगों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कराई है। पुलिस आरोपियों की तलाश कर रही है।
थाना देहात क्षेत्र के गांव निवासी महिला ने बताया कि छह मार्च 2011 को उसका निकाह नगर के बुलंदशहर रोड स्थित आशियाना कॉलोनी निवासी फुरकान के साथ हुआ था। पिता ने करीब पांच लाख रुपये का दान दहेज निकाह में दिया था, लेकिन ससुराल पक्ष के लोग इससे खुश नहीं थे। निकाह के बाद से ही ससुराल पक्ष के लोगों ने अतिरिक्त दहेज में दो लाख रुपये व बुलेट बाइक की मांग को लेकर उसे प्रताड़ित करना शुरू कर दिया। पीड़िता ने इस दौरान दो पुत्र और एक पुत्री को जन्म दिया, लेकिन इसके बाद भी उसे प्रताड़ित किया जाता रहा।
नौ अगस्त 2021 को दहेज की मांग पूरी न होने पर पति ने पत्नी को तीन तलाक कह दिया। विरोध करने पर पति व ससुराल पक्ष के लोगों ने मारपीट कर घर से निकाल दिया। मायके पहुंचकर पीड़िता ने परिजनों को आपबीती सुनाई। पुत्री को लेकर परिजन कोतवाली पहुंचे और तहरीर देकर कार्रवाई की मांग की। कोतवाली प्रभारी निरीक्षक सोमवीर सिंह ने बताया कि तहरीर के आधार फुरकान, नौसाबा व शाहबुद्दीन के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर ली है। आरोपियों की तलाश की जा रही है।