टैक्स के लिए 20 हजार लोगों को पालिका भेजेगी नोटिस
हापुड़। टैक्स जमा न करने वाले 20 हजार लोगों को नगर पालिका नोटिस भेजने की तैयारी कर रही है। उन्होंने अब तक नए कर निर्धारण प्रथम (स्वकर) की दर से स्वयं को नहीं जोड़ा है। शासन से 45 हजार हाउस होल्ड्स में से महज 25 हजार के ही हाउस टैक्स बिल बनकर आए हैं।
नगर पालिका परिषद हापुड़ में 41 वार्डों में 45 हजार लोग गृह व जलकर के दायरे में आते हैं। पालिका द्वारा शहरवासियों को पेयजल, पथ प्रकाश, सड़क व अन्य आधारभूत सुविधाएं मुहैया कराई जाती है। इसके एवज में पालिका गृह व जलकर वसूल करती है। पहले नगर पालिका में मैन्युअल तरीके से ही गृह व जलकर जमा कराया जाता था, लेकिन पिछले कुछ समय से पालिका में ऑनलाइन टैक्स जमा कराने की सुविधा दी है। इसके लिए वर्ष 2013 के बाद से ही कर निर्धारण प्रथम (स्वकर)लगाया गया है। गृह व जलकर की प्रक्रिया को आसान बनाने के लिए पालिका पोर्टल की शुरूआत भी हो चुकी है। शासन से पोर्टल पर करीब 25 हजार हाउस टैक्स के बिल अपलोड किए जा चुके हैं, लेकिन अभी भी करीब 20 हजार लोगों ने अपना स्वकर घोषित नहीं किया है। पालिका के अधिकारी अब इन्हें नोटिस भेजने की तैयारी कर रहे हैं।
नगर पालिका की स्थिति
कर निर्धारण प्रथम (स्वकर) के अंतर्गत गृह व जल कर की पुरानी दरों को प्रतिस्थापित करना है। इसके बाद से नई दरों के आधार पर कर वसूला जाना है। जिससे नई दरों को लगाकर लोगों को बेहतर आधारभूत सुविधाएं मुहैया कराई जा सके। इसके माध्यम से नगर पालिका के राजस्व में बढ़ोत्तरी होगी।
30 सितंबर तक घर-घर पहुंचेंगे बिल
नगर पालिका अफसरों ने सभी गृह व जलकर के बिलों को लोगों तक पहुंचाने की दिशा में काम करना शुरू कर दिया है। सभी बिलों को 30 सितंबर तक हर हाल में लोगों तक पहुंचाना है। इसके साथ-साथ इन टीमों को ही स्वकर नहीं कराने वालों को नोटिस भेजने का काम भी सौंपा जाएगा। टीमें डोर टू डोर बिल पहुंचाने के साथ-साथ नोटिस भी पहुंचाने के काम को अंजाम देंगी।
नगर पालिका ईओ एसके गौतम ने बताया कि शासन की ओर जारी बिलों के आधार पर अभी भी करीब 20 हाउस होल्ड्स ने स्वकर नहीं कराया है। जल्द ही इनको नोटिस भेजकर टैक्स जमा करवाया जाएगा।