साढ़े तीन वर्षीय मासूम के साथ पड़ोसी ने किया दुष्कर्म
हापुड़। थाना हाफिजपुर क्षेत्र के एक गांव में साढ़े तीन साल की मासूम बच्ची से पड़ोसी किशोर ने मकान के पीछे दुष्कर्म किया। रोती बिलखती बच्ची घर लौटी तो परिजनों के घटना के बारे में जानकारी हुई। पुलिस ने किशोर को हिरासत में लेते हुए बच्ची को मेडिकल जांच के लिए अस्पताल भेज दिया है। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर ली है।
हाफिजपुर क्षेत्र के एक गांव निवासी व्यक्ति अपनी पत्नी, दो पुत्र एक एक पुत्री के साथ रहता है। सोमवार को वह मजदूरी पर गया था और उसकी साढ़े तीन वर्षीय पुत्री घर के बाहर खेल रही थी। इस दौरान पड़ोस में रहने वाला 15 वर्षीय किशोर यहां पहुंचा। आरोपी बच्ची को मैदान में खेलने के बहाने अपने साथ मकान के पीछे ले गया। जहां उसने बच्ची के साथ दुष्कर्म की घटना को अंजाम दिया।
घटना के बाद रोती बिलखती बच्ची अपने घर पहुंची तो परिजन सकते में आ गए। परिजन बच्ची को लेकर किशोर के घर पहुंचे, लेकिन डर के कारण किशोर वहां से फरार हो गया। जिसके बाद परिजनों ने मामले की जानकारी पुलिस को दी। थाना हाफिजपुर प्रभारी निरीक्षक सुरेंद्र सिंह पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंच गए और किशोर को हिरासत में ले लिया। बच्ची को मेडिकल जांच के लिए भिजवाया। इसके बाद मौके पर पहुंची फोरेंसिक टीम ने भी छानबीन करते हुए साक्ष्य एकत्र किए।
एएसपी सर्वेश कुमार मिश्रा ने बताया कि किशोर के खिलाफ पॉक्सो व दुष्कर्म की धाराओं में रिपोर्ट दर्ज कर ली है। बच्ची की हालत फिलहाल ठीक है। जांच के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।