एक्सपायरी कीटनाशक और उर्वरक बेचने पर दुकान सील
हापुड़। पिलखुवा में एक्सपायरी कीटनाशक, उर्वरकों की बिक्री करने के मामले में कृषि विभाग और जिला प्रशासन की संयुक्त कार्रवाई में एक दुकान को सील किया गया है। साथ ही रिकॉर्ड दुरुस्त नहीं रखने पर आठ दुकानदारों को चेतावनी दी गई। 26 दुकानों पर छापे मारे गए, जहां से 21 सैंपल एकत्र कर लैब भेज दिए हैं।
जिला कृषि अधिकारी मनोज कुमार ने बताया कि डीएम अनुज कुमार के आदेश पर गढ़ तहसील क्षेत्र में उप कृषि निदेशक वीबी सिंह और स्थानीय तहसीलदार ने आठ दुकानों पर छापे मारे, इसमें एक बीज और सात कीटनाशक के सैंपल एकत्र किए गए। दो दुकानों को चेतावनी जारी की गई।
हापुड़ तहसील क्षेत्र में जिला कृषि अधिकारी मनोज कुमार व स्थानीय तहसीलदार ने 10 दुकानों से छह बीज और चार कीटनाशकों के सैंपल भरे, दो दुकानदारों को चेतावनी दी गई। धौलाना तहसील क्षेत्र में जिला कृषि रक्षा अधिकारी दिव्या मौर्या और स्थानीय तहसीलदार ने आठ दुकानों पर छापे मारे। इस दौरान पिलखुवा में सोम खाद बीज भंडार पर एक्सपायी कीटनाशक, उर्वरक बिक्री होते मिले।
इस मामले में दुकान को सील कर दिया है। साथ ही अन्य दुकानदारों को भविष्य में इस तरह एक्सपायरी सामान न बेचने की चेतावनी दी। बता दें कि हापुड़ शहर के अंदर भी कई दुकानों पर एक्सपायरी कीटनाशकों का रेपर बदलकर बिक्री की जा रही है।
जिला कृषि अधिकारी मनोज कुमार ने बताया कि एक्सपायरी कीटनाशक, घटिया बीज किसानों को नहीं बेचने दिए जाएंगे। आगे भी निरीक्षण जारी रहेंगे, कड़ी कार्रवाई अमल में लायी जाएगी.