मांझे की चपेट में आया लाइनमैन
हापुड़। दिल्ली रोड बिजलीघर पर तैनात लाइनमैन की चाइनीज मांझे की चपेट में आकर गर्दन कट गई। किसी तरह उसे अस्पताल में भर्ती कराया, जहां लाइनमैन की गर्दन में सात टांके आए हैं। चाइनीज मांझा जिले में प्रतिबंधित है, फिर भी इसकी धड़ल्ले से बिक्री हो रही है।
लाइनमैन राजेंद्र बुधवार शाम को बुलंदशहर रोड स्थित राजीव विहार में फाल्ट ठीक करने के बाद वापस लौट रहा था। रास्ते में अचानक उसकी गर्दन में पतंग का मांझा फंस गया। बाइक पर होने के कारण लाइनमैन की गर्दन कट गई और वह लहूलुहान होकर जमीन पर गिर पड़ा। स्थानीय लोगों ने किसी तरह राजेंद्र को अस्पताल में भर्ती कराया।
वहां चिकित्सक ने लाइनमैन की गर्दन पर सात टांके लगाए। बता दें कि जिले में चाइनीज मांझा प्रतिबंधित है, फिर भी इसकी धड़ल्ले से बिक्री हो रही है। जिला प्रशासन भी इस पर ध्यान नहीं देता। लाइनमैन की हालत खतरे से बाहर बतायी गई है।
बाइक सवारों के लिए बड़ा खतरा-
नगर में पतंगों के साथ पेड़, तारों पर उलझे चाइनीज मांझे से बाइक सवारों को बड़ा खतरा रहता है। आए दिन कोई न कोई इसकी चपेट में आकर घायल हो जाता है। जिला प्रशासन द्वारा बीते कई महीनों से अभियान चलाकर इसकी बिक्री पर रोक तक नहीं लगाई गई।
पक्षियों की जान पर आफत
पक्षियों की जान पर यह मांझा आफत बरसा रहा है। पेड़ों पर पक्षियों के मांझे में फंसे होने के मामले आए दिन आते हैं। पक्षियों का उपचार करने के लिए कोठीगेट में अस्पताल बना है। अस्पताल की व्यवस्था देखरेख करने वाले तुषार जैन ने बताया कि हर 100 में से 80-90 पक्षी चाइनीज मांझे से घायल होने के बाद अस्पताल लाए जाते हैं।
नहीं होने दी जाएगी चाइनीज मांझे की बिक्री-
चाइनीज मांझा की बिक्री जिले में नहीं होने दी जाएगी। जिन दुकानों से यह बिक्री किया जा रहा है, उस पर कड़ी कार्रवाई होगी। कोई भी ऐसा कार्य न करें जो प्रतिबंधित हो।--सत्यप्रकाश, एसडीएम।