पुराने विवाद में पन्नापुरी में दो पक्षों में मारपीट, पथराव
हापुड़। देहात थाना क्षेत्र के अंतर्गत मोहल्ला पन्नापुरी में पुराने मनमुटाव को लेकर रविवार रात दो पक्ष आमने सामने आ गए। दोनों पक्षों में मारपीट के बाद एक पक्ष ने पथराव कर दिया। इसमें पीड़ित पक्ष के तीन लोग घायल हो गए। हालांकि किसी को गंभीर चोट नहीं आई है। पीड़िता ने थाने में तहरीर दी है।
मोहल्ला पन्नापुरी निवासी लता ने बताया कि रविवार रात उसका भांजा सानू मोबाइल पर बात करता हुए गली में घूम रहा था। सानू का गली के ही कुछ लोगों से विवाद चल रहा है। इसके कारण ये लोग उससे रंजिश रखते हैं। इसी दौरान मोहल्ला के ही कुछ लोग यहां पहुंच गए और सानू से हाथापाई करने लगे। आरोप है कि इसके बाद उक्त लोग लाठी-डंडों लेकर महिला के घर में घुस आए और परिजनों पर हमला बोल दिया। इसके बाद दोनों पक्ष आमने सामने आ गए और जमकर मारपीट हुई। आरोपी पक्ष के लोगों ने घर की छत से लोगों पर पथराव कर दिया। इसमें सानू, लता, मनोज, निखिल व सोनू घायल हो गए। लोगों ने मामले की सूचना पुलिस को दी है। सूचना पर पहुंची पुलिस ने बल प्रयोग कर हालात पर काबू पाया और घायलों को अस्पताल भिजवाया। हालांकि किसी को गंभीर चोट नहीं आई है।
थाना देहात प्रभारी निरीक्षक उत्तम सिंह राठौर ने बताया कि लता की तहरीर पर आरोपियों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज की जा रही है।