कालाबाजारी के लिए जा रहा चावल पकड़ा
हापुड़। देहात थाना क्षेत्र के गांव सलाई में राशन डीलर के यहां से बुधवार सुबह चावल के कट्टे लेकर मंडी जा रहे एक तांगा चालक को ग्रामीणों ने पकड़ लिया। जिस पर ग्रामीणों ने हंगामा किया। मौके पर पहुंची पुलिस तांगे को थाने ले आई। जांच में चावल राशन का पाया गया, जिसके बाद राशन डीलर और तांगा चालक के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर ली गई है।
बुधवार सुबह गांव कांठीखेड़ा निवासी तांगा चालक ओमकार को राशन डीलर सुरईया के कहने पर तांगा लेकर गांव सलाई पहुंचा था। जहां उसके तांगे में दस कट्टे चावल के लाद दिए और उन्हें मंडी ले जाने के लिए कहा। तांगा चालक चावल लेकर हापुड़ आ रहा था, लेकिन कुछ ग्रामीणों को चावल की कालाबाजारी की भनक लग गई। ग्रामीणों ने तांगा चालक को गढ़ रोड के पास पकड़ लिया और हंगामा शुरू कर दिया। सूचना पर पहुंची पुलिस तांगा चालक को देहात थाने ले आई और मामले की जानकारी पूर्ति विभाग के अधिकारियों को दी। अधिकारियों ने जांच में पाया कि चावल राशन का है। थाना प्रभारी निरीक्षक उत्तम सिंह राठौर ने बताया कि विभाग के अधिकारियों की तहरीर पर कोटेदार और तांगा चालक दोनों के खिलाफ संबंधित धाराओं में रिपोर्ट दर्ज कर ली गई है।