टीके के लिए लगी लंबी लाइन, देरी पर लोगों ने किया हंगामा
हापुड़। टीकाकरण के लिए मंगलवार को अस्पताल पर बने केंद्रों पर लंबी लाइन लगी रही। भीड़ अधिक होने व टीका लगने में देरी पर लोगों ने हंगामा किया। इस दौरान चिकित्सकों के साथ भी नोकझोंक हुई। मंगलवार को सात हजार लोगों को टीका लगाने का लक्ष्य था जिसके सापेक्ष 6458 को ही टीके लग सके। वैक्सीन खत्म होने के बाद लोगों को मायूस लौटना पड़ा।
जिले में एक जुलाई से वैक्सीन की कमी चल रही है। जबकि टीका लगवाने के लिए लोगों की भीड़ बढ़ती जा रही है। मंगलवार को भी केंद्रों पर व्यवस्था बिगड़ गई। सुबह से ही सैकड़ों लोग टीकाकरण के लिए कोठीगेट स्थित पीपीसी, गढ़ रोड स्थित सीएचसी और दूसरे केंद्रों पर पहुंचने शुरू हो गए। लोग अपनी बारी का इंतजार करने लगे और लंबी लाइन लग गई। इन अस्पतालों के बूथों पर दूसरे टीके के लिए 500 डोज की व्यवस्था कराई गई थी जो कुछ देर मेें ही खत्म हो गई। ऐसे में लोगों ने हंगामा शुरू कर दिया। कई बार चिकित्सकों और लोगों की नोंकझोंक हुई। इस पर लोगों ने हंगामा किया। वहीं टीकाकरण में देरी होने पर लोग नाराज हो गए और हंगामा करने लगे। हालांकि चिकित्सकों ने लोगों को समझाते हुए मामला शांत करा दिया।
जिले में 27 बूथों पर लगे 6458 टीके
मंगलवार को सात हजार लोगों को टीके लगाने का लक्ष्य था। जिसके सापेक्ष 27 बूथों पर 6458 लोगों को टीका लगाया गया। इसमें 45 साल से ऊपर के 1510 लोग शामिल रहे, जबकि 18 से 44 उम्र वाले 4606 लोगों को टीके लगे।
वैक्सीन की उपलब्धता के लिए प्रयास तेज
वैक्सीन की उपलब्धता के अनुसार बूथों पर मुहैया कराने का प्रयास तेज है। लोग संयम रखें, अपनी बारी का इंतजार करें, सभी को टीके लगाए जाएंगे। जल्द ही वैक्सीन प्रचुर मात्रा में उपलब्ध हो जाएगी। - डॉ रेखा शर्मा, सीएमओ।