अस्पताल पर 25 हजार रुपये का लगाया जुर्माना
हापुड़। बायो मेडिकल वेस्ट के मामले में नगर पालिका परिषद ने अस्पताल पर 25 हजार रुपये का जुर्माना लगाया है। पालिका अधिकारियों ने शहर के सभी अस्पतालों को बायो वेस्ट मानकों का पालन करने की सख्त चेतावनी दी है।
बायो मेडिकल वेस्ट मानकों को लेकर नगर पालिका परिषद हापुड़ के अधिकारियों ने सख्ती बरतनी शुरू कर दी है। पिछले दिनों नगर पालिका टीम ने बुलंदशहर रोड स्थित त्यागी हॉस्पिटल का निरीक्षण किया था। इस दौरान अस्पताल परिसर में कर्मियों द्वारा बिना मास्क के मरीजों का उपचार किया जाना, बायो मेडिकल वेस्ट की कोई समुचित व्यवस्था नहीं होना, हॉस्पिटल से निकलने वाले सभी प्रकार के कूड़े को खुले डस्टबिन में एकत्रित करना पाया गया।
जोकि पालिका सहित एनजीटी के नियमों के विरूद्ध था। इसको लेकर पालिका टीम ने अस्पताल प्रबंधक पर नाराजगी जताई। हॉस्पिटल प्रबंधन को जल्द औपचारिकताएं पूर्ण कराने के आदेश दिए गए, लेकिन दो सप्ताह बाद भी औपचारिकता पूरी नहंीं करने पर मंगलवार को पालिका ने 25 हजार रुपये का जुर्माना लगाया।
नगर पालिका मुख्य सफाई निरीक्षक व कार्यकारी ईओ राजेश कुमार यादव ने बताया कि बायो मेडिकल वेस्ट सहित कोविड नियमों का पालन नहीं करने के मामले में बुलंदशहर रोड स्थित त्यागी हॉस्पिटल पर 25 हजार का जुर्माना लगाया है। नोटिस भेजकर तीन दिन में जुर्माना जमा कराने के आदेश दिए हैं।