कोरोना से दो की मौत, नहीं मिला नया संक्रमित
हापुड़। मंगलवार को कोरोना से दो मरीजों की मौत हो गई वहीं पांचवे दिन भी कोई नया संक्रमित नहीं मिला। एक सप्ताह बाद दो मौत होने से स्थिर चल रहे आंकड़े में बढ़ोत्तरी जरूर हुई है। जिले में अब सक्रिय मरीजों की संख्या सात रह गई है। जिनमें चार अस्पताल में भर्ती हैं। हालांकि रिकवरी दर 98.20 फीसदी होने से अफसरों में राहत है।
जिले में कोरोना की दूसरी लहर का प्रकोप अब खत्म हो रहा है। प्रतिदिन स्वास्थ्य विभाग की टीमों द्वारा 2 हजार के करीब जांच की जा रही हैं। इनमें बीते पांच दिन से एक भी कोरोना संक्रमित नहीं मिला है। मंगलवार को 1977 लोगों की जांच हुई, इसमें एंटीजन से 1054, आरटीपीसीआर से 921, ट्रूनेट से दो लोगों की जांच हुई, सभी लोग स्वस्थ निकले।
लेकिन मंगलवार को दो मरीजों की मौत हो गई। मरने वालों का आंकड़ा अब 215 पहुंच गया। हालांकि यह मौतें पहले हुई थी, जो मंगलवार को पोर्टल पर दर्ज की गई। वहीं, होम आइसोलेशन से दो व अस्पताल से एक मरीज को स्वस्थ होने पर डिस्चार्ज किया गया। अब सक्रिय मरीजों की संख्या घटकर सिर्फ 7 ही रह गई है, जिनमें चार अस्पताल में भर्ती हैं और तीन का उपचार घर पर ही चल रहा है।
जिले में कोरोना की स्थिति-
कुल जांच----592556
कुल मरीज----12279
स्वस्थ मरीज---12059
एक्टिव मरीज----07
मौत--------215
रिकवरी दर----98.20 प्रतिशत
मृत्यु दर------1.75
---
कोरोना से मौत के दो मामले पोर्टल पर मंगलवार को दर्ज हो सके, अब तब 215 मौत जिले में कोरोना से हुई हैं। पांचवें दिन भी जिले में कोरोना का कोई मरीज नहीं मिला है।--डॉ रेखा शर्मा, सीएमओ।