जनता में हो पुलिस के प्रति विश्वास की भावना: एडीजी
हापुड़। मेरठ रेंज एडीजी राजीव सब्बरवाल ने बुधवार को पुलिस लाइन, एसपी आफिस व देर शाम थाना धौलाना का निरीक्षण किया। पुलिस लाइन में अधिकारियों के साथ बैठक कर कानून व्यवस्था को लेकर वार्ता कर अपराध नियंत्रण को लेकर दिशानिर्देश दिए। निरीक्षण के दौरान मिली अनियमितताओं पर नाराजगी जताते हुए सुधार के आदेश दिए।
बुधवार सुबह एडीजी राजीव सब्बरवाल अपने निर्धारित कार्यक्रम के तहत निरीक्षण करने के लिए पुलिस लाइन पहुंचे। यहां उन्होंने क्वार्टर गार्ड, परिवहन शाखा, आर्मरी, मैस और बैरक परिसर का निरीक्षण किया। उन्होंने पुलिस लाइन में मौजूद रजिस्टरों की भी जांच की। अपराध नियंत्रण, शिकायती प्रार्थना-पत्रों के गुणवत्तापूर्ण निस्तारण, आइजीआरएस, यूपी डायल-112, डिजिटल वॉलिंटियर, पुलिसकर्मियों की समस्याओं, महिला संबंधी अपराधों को रोकने तथा प्राथमिकता के आधार पर चर्चा करते हुए उन्होंने कहा कि पुलिस के प्रति जनता में विश्वास होना चाहिए। पुलिस के समक्ष जनता असुरक्षा की भावना महसूस न करे। थानों में आने वाले फरियादियों के साथ सही बर्ताव किया जाए। उनके साथ पुलिस शिष्टाचार के साथ पेश आए। उन्होंने इनामी व वांछित अपराधियों की धरपकड़, लंबित विवेचनाएं व अपराध नियंत्रण पर जोर दिया।
देर शाम उन्होंने थाना धौलाना का निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान थाने के दस्तावेज के रख रखाव, साफ-सफाई व हवालात की जांच की। कारतूस का पुलिस लाइन से मिलान, पुरानी विवेचनाओं के शीघ्र निस्तारण व अपराधियों की धरपकड़ के निर्देश दिए। महिला डेस्क का निरीक्षण करते हुए मौजूद महिला पुलिसकर्मी से डेस्क के संबंध में जानकारी ली। इस दौरान एसपी नीरज कुमार जादौन, एएसपी सर्वेश कुमार मिश्रा भी मौजूद रहे।