बरेली-भुज एक्सप्रेस में बिना टिकट पकड़े 150 यात्री
हापुड़। मुरादाबाद मंडल की सीनियर डीसीएम रेखा शर्मा ने शुक्रवार को हापुड़ रेलवे स्टेशन का निरीक्षण किया। उन्होंने सफाई ठेके, रिजर्वेशन, सीआईटी कार्यालय की जांच की। बरेली भुज ट्रेन में 150 बेटिकट यात्रियों पर कार्रवाई करते हुए करीब एक लाख का समन शुल्क वसूला।
सीनियर डीसीएम रेखा शर्मा शुक्रवार को हापुड़ स्टेशन पहुंची। उन्होंने वहां पर सफाई व्यवस्था का जायजा लिया। ठेके पर रखे गए सफाई कर्मचारियों से ईएसआई, पीएफ, यूनिफार्म दिए जाने की जानकारी की। साथ ही उन्होंने रेलवे स्टेशन पर कैटरिंग स्टॉल, रिजर्वेेशन काउंटर का भी निरीक्षण किया। वहीं सीनियर डीसीएम रेखा शर्मा ने मुरादाबाद से हापुड़ के बीच बरेली-भुज ट्रेन में चेकिंग अभियान भी चलाया। ट्रेन में करीब 150 यात्री बिना टिकट मिले। उन्होंने लापरवाह यात्रियों से 1.05 लाख रुपये समन शुल्क भी वसूला। उन्होंने ट्रेन में ऑन बोर्ड स्टाफ से सुरक्षा संबंधी जानकारी की। उनको ट्रेन में ड्यूटी के दौरान सेफ्टी बरतने को लेकर जागरूक भी किया।
निरीक्षण के दौरान मंडलीय अधिकारी एसीएम नरेश सिंह, जितेंद्र सिंह, भावेश कुमार, जोगेंद्र सिंह, स्टेशन अधीक्षक हापुड़ अजब सिंह, सीएमआई आनंद पाल सिंह आदि रहे।