हापुड़ की सीमा विस्तार हुआ तो जुड़ेंगे 178 गांव
हापुड़। जिले की सीमा विस्तार के बाद भौगोलिक स्थिति बदलने के अलावा तहसील, ब्लॉक आदि की स्थिति भी बदल जाएगी। प्रस्ताव के अनुसार जिले में चार ब्लॉकों के स्थान पर इनकी संख्या बढ़कर आठ हो जाएगी। जबकि तहसील की संख्या तीन से बढ़कर चार हो जाएगी। वहीं थानों की संख्या भी बढ़ेगी। जबकि राजस्व गांवों की संख्या 350 से बढ़कर 528 हो जाएगी।
वर्तमान में हापुड़ में तीन तहसील हापुड़, धौलाना और गढ़ है। जबकि जिला चार ब्लॉक जिसमें हापुड़, गढ़, सिंभावली और धौलाना हैं। विकास खंड स्याना और गुलावठी के अलावा खरखौदा माछरा ब्लॉक के गांवों को हापुड़ में समाहित करने की योजना है। पूर्व में भेजे गए प्रस्ताव के अनुसार इन क्षेत्रों के जुड़ने के बाद जनपद हापुड़ में चार तहसील एवं 8 विकास खंड हो जाएंगे तथा गांवों की संख्या बढ़कर 528 हो जाएगी। हापुड़ के तीन तहसीलों के साथ स्याना को एक तहसील के रूप में हापुड़ में जोड़ा जाएगा। जबकि ब्लॉकों की संख्या बढ़कर आठ हो जाएगी। इनमें गुलावठी, खरखौदा, किठौर और अगौता को शामिल किया जाएगा।
क्षेत्र बढ़ेगा तो बढ़ेंगी सुविधाएं
जिले में तहसील और ब्लॉक की संख्या बढ़ेगी तो जिले में दूसरी सेवाओं में भी बढ़ोत्तरी होगी। जिले में महिला थाना को जोड़कर कुल दस थाने हैं। जिले के क्षेत्र में वृद्धि होने के बाद यहां थानों की संख्या में बढ़ोत्तरी होगी। क्षेत्र के हिसाब से जिले में पांच और नए थानों की आवश्यकता होगी।
यातायात व्यवस्था सुधरेगी, नए रूट बनेंगे
प्रस्ताव के अनुसार जिले की यातायात व्यवस्था में भी बदलाव होगा। तहसील स्याना एवं गुलावठी की जनता को दिल्ली अथवा लखनऊ रूट पर जाने के लिए वैसे भी हापुड़ के रेलवे स्टेशन आना पड़ता है। स्याना, गुलावठी और खरखौदा का हापुड़ जिले का हिस्सा होने के बाद स्थानीय स्तर पर हापुड़ से स्याना तक बस सर्विस में सुधार होगा। गुलावठी से हापुड़ तक बसों का संचालन पहले ही ठीक है। लेकिन किठौर रूट पर भी ट्रैफिक व्यवस्था सुधरेगी।
सभी रखा जाएगा ध्यान
हापुड़ की सीमा विस्तार का प्रस्ताव प्रस्तावित क्षेत्रों और हापुड़ जिले के वर्तमान लोगों की हर सुविधा को ध्यान में रखकर बनाया गया है। क्षेत्र बढ़ेंगे तो दूसरी व्यवस्थाओं की शुरूआत भी तुरंत करनी होगी। -डा. एसके कौशिक, सीमा विस्तार एवं विकास सद्भाव समिति।