दो दिन की बंदी के बाद बाजारों में उमड़ी भीड़, सड़कों पर जाम
हापुड़। कोरोना कर्फ्यू खुलने के बाद शहर के बाजारों में भीड़ थमने का नाम नहीं ले रही है। सोमवार को दो दिन की साप्ताहिक बंदी के बाद इस कदर भीड़ उमड़ी कि बाजार में जाम जैसे हालात हो गए। इस दौरान सोशल डिस्टेंसिंग का भी जमकर उल्लंघन हुआ। पुलिस भी इस दौरान वीआईपी की व्यवस्थाओं के चलते नदारत रही।
दो दिन बंदी के बाद बाजारों में सोमवार को अधिक भीड़ रही। चंडी रोड बाजार में दोपहर के समय भीड़ तो कम थी, लेकिन इसके बावजूद दुकानों पर लोग बेपरवाह दिखाई दिए। रास्तों पर गुजरने वाले लोगों ने केवल साठ प्रतिशत लोगों ने मास्क लगा रखा था। दुकानों पर दुकानदारों द्वारा नियमों का उल्लघंन किया जा रहा था।
कोठी गेट पर भी कई लोगों ने मुंह पर मास्क ही नहीं लगा रखा था, दुकानदार व ग्राहक भी उचित दूरी व मास्क का प्रयोग नहीं कर रहे थे। गोल मार्केट में भी अधिक भीड़ दिखाई दी। यहां तो बाजार में जाम जैसी स्थिति रही और लोगों को निकलने में काफी मशक्कत करनी पड़ी। गोल मार्केट से कोठीगेट और यहां से बुलंदशहर रोड तक वाहनों की कतारें लगी रही। जिसके कारण लोगों को परेशानियों का सामना करना पड़ा। इस दौरान पुलिस शहर से होकर गुजरने वाले मंडलायुक्त सुरेंद्र सिंह और एडीजी राजीव सब्बरवाल की व्यवस्थाओं में जुटी रही और बाजारों की ओर पुलिस का ध्यान नहीं था।
एएसपी सर्वेश कुमार मिश्रा ने बताया कि बाजारों में किसी प्रकार से नियमों का उल्लंघन बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। सोमवार को मंडलायुक्त के आने के कारण गढ़ रोड से रिक्शे आदि को हटा दिया गया था। ऐसे में बाजारों में जाम की स्थिति हो गई होगी।
पांच बजे के बाद भी खुली दुकानें
पड़ोसी जिलों में अनलॉक होने के बाद हापुड़ में बाजार सात बजे तक खुलने और साप्ताहिक बंदी समाप्त होने की अफवाह फैल गई। व्यापारियों ने पांच बजे के बाद भी दुकानें खोली रखी, जिसे पुलिस ने बंद कराया।