ग्रामीणों के प्रयासों से कोरोना संक्रमण से मुक्त हो रहे गांव
हापुड़। कोविड संक्रमण की गति जनपद हापुड़ में पिछले दिनों से काफी मंद पड़ गई है। दो सप्ताह पहले जनपद में रोजाना सैकड़ों की संख्या में कोविड संक्रमित मिल रहे थे। बुरी तरफ फैले संक्रमण के बीच भी ग्राम प्रधानों और ग्रामीणों के सार्थक प्रयासों से कई गांव कोरोना संक्रमण से मुक्त रहे हैं, वहीं कुछ गांव संक्रमण को हराकर कोरोना से मुक्ति पा गए। इसके अलावा स्वास्थ्य विभाग द्वारा भी गांवों में कैंप लगाकर जांच और वैक्सीनेशन की प्रक्रिया तेज कर दी गई है, जिसका परिणाम भी सामने आ रहा है।
----
गांव सादिकपुर : जांच और वैक्सीनेशन कराया गया
करीब 3800 की आबादी के गांव सादिकपुर में कोविड संक्रमण की रोकथाम के लिए नवनिर्वाचित प्रधान मनोज सिरोही ने चुनाव जीतने के साथ ही सफाई और सैनिटाइजेशन का बीड़ा उठा लिया। ग्रामीणों को साथ लेकर हर गली-मोहल्ले की सफाई कराते हुए सैनिटाइजर और दवाइयों का छिड़काव कराया गया। गांव में शनिवार को लगाए गए स्वास्थ्य विभाग के शिविर में 20 लोगों की कोविड जांच हुई, जिनमें से एंटीजन जांच में कोई ग्रामीण संक्रमित नहीं पाया गया। वहीं गांव में लगे कैंप में 170 लोगों को वैक्सीन भी लगवाई जा चुकी हैं।
-प्रधान निर्वाचित होते ही गांव के युवाओं को साथ लेकर युद्धस्तर पर सफाई व सैनिटाइजेशन कराया गया। स्वास्थ्य विभाग से वार्ता कर जांच और वैक्सीनेशन का कैंप लगाया जा चुका है। -मनोज सिरोही, प्रधान
---
गांव असौड़ा : बीमारों पर रखी जा रही नजर, काढ़ा वितरण कर रहे
30 हजार की आबादी के बड़े गांव असौड़ा में कोविड की दूसरी लहर में कई लोग संक्रमित हुए, जिन्हें आइसोलेट कर उपचार कराया गया। वर्तमान में गांव संक्रमण से पूरी तरह मुक्त है। ग्राम प्रधान और ग्रामीणों की मेहनत रंग लाई। गांव में घर-घर काढ़े का वितरण कराया गया। ग्रामीणों को कोविड गाइडलाइन का पालन करने के लिए भी जागरूक किया जा रहा है। सफाई-सैनिटाइजेशन लगातार कराया जा रहा है।
स्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों से वार्ता कर गांव में दो बार वैक्सीनेशन शिविर लगवाया गया है। जिनमें 150 लोगों का वैक्सीनेशन कराया जा चुका है। सफाई-सैनिटाइजेशन लगातार करा रहे हैं। ग्रामीणों के सहयोग से गांव कोरोना मुक्त हो सका।-आयशा मुर्तजा, प्रधान
----
गांव दयानतपुर : रिश्तेदारों को आने से भी कर दिया मना
मात्र 1700 लोगों की आबादी का गांव दयानतपुर वर्तमान में कोरोना संक्रमण से पूरी तरह मुक्त है। गांव में कुछ लोग कोविड की चपेट में आए, जिसके बाद ग्रामीणों ने रिश्तेदारियों में फोन कर गांव में आने से मना कर दिया। साफ-सफाई, सैनिटाइजेशन और चूना डस्ट व दवा का छिड़काव लगातार किया जा रहा है।
संक्रमितों को आइसोलेशन में रखकर उपचार कराया गया। जिनकी दवा समेत खानपान का विशेष ध्यान भी रखा गया। सभी संक्रमित स्वस्थ हो चुके हैं। स्वास्थ्य विभाग के कैंप में 100 लोगों की जांच हुई, कोई संक्रमित नहीं मिला। वहीं वैक्सीनेशन के लिए 40 लोगों की लिस्ट विभाग को दी गई, लेकिन स्वास्थ्य विभाग ने 100 की लिस्ट मांगी है। जो जल्द उपलब्ध कराकर वैक्सीनेशन का कैंप भी लगवाया जाएगा। -अंजू चौधरी, ग्राम प्रधान