कोरोना संक्रमण घटा, मृत्यु दर पर लगाम नहीं
हापुड़। कोरोना संक्रमण की दूसरी लहर का प्रकोप भले ही कम हो रहा है, लेकिन मौत के आंकड़ों में कोई कमी नहीं आई है। अभी भी अस्पतालों में भर्ती गंभीर मरीज जिंदगी की जंग हार रहे हैं। अब तक 193 लोग संक्रमण के कारण जान गवां चुके हैं। दूसरी लहर के महज दो महीने में 126 लोगों की मौत हुई है, जबकि पहली लहर के 12 महीनों में मात्र 67 लोगों की जान गई थी। अभी भी जिले में 20 से अधिक मरीजों की हालत नाजुक बनी हुई है।
जिले में कोरोना की दूसरी लहर अप्रैल महीने के प्रथम सप्ताह में शुरू हुई थी। मई के शुरूआत में इस लहर का रौद्र रूप देखने को मिला, संक्रमितों का आंकड़ा एक ही दिन में 400 से अधिक तक पहुंच गया, वहीं मृत्यु दर भी बढ़ गई। कोरोना का स्ट्रेन इतना घातक है कि संक्रमित मरीजों के फेफड़ों पर सीधे असर पड़ता है जिसके कारण ऑक्सीजन की कमी हो जाती है। समय पर उपचार न मिलने के कारण मरीज की मौत हो रही है।
मरने वालों का आंकड़ां इन दो महीनों में काफी बढ़ा है। शहर के कई प्रतिष्ठित व्यक्तियों के साथ ही परिवार के कई कई सदस्यों की मौतें हुई। जिनके सदमे से लोग अभी बाहर नहीं निकल पाए हैं। हालांकि संक्रमण का खतरा इन दिनों कम हो गया है। लेकिन मौत का आंकड़ा थमने का नाम ही नहीं ले रहा है। अस्पतालों में भर्ती मरीजों की रोजाना जान जा रही हैं।
कोरोना की दोनों लहरों में संक्रमण, मौत की स्थिति
लहर समय संक्रमित मौत
पहली अप्रैल-मार्च 4471 67
दूसरी अप्रैल-मई 7601 126
कोरोना की दोनों लहरों के पीक में मौत की स्थिति
लहर महीना मौत
पहली अगस्त 14
अक्तूबर 16
----------------
दूसरी अप्रैल 42
मई 84
------------
इन दो महीनों में एक दिन में हुई सर्वाधिक मौत
तिथि मौत
26 मई 5
22 मई 4
16 मई 8
10 मई 7
02 मई 6
28 अप्रैल 5
------
मुख्य चिकित्साधिकारी डॉ रेखा शर्मा ने बताया कि संक्रमण का प्रकोप कम हुआ है। नए मरीज कम मिल रहे हैं, अस्पतालों में जो मरीज भर्ती हैं, उनका उपचार जारी है। अब मौत का आंकड़ा भी कम हो जाएगा।