बारिश के बाद बदला मौसम, पांच डिग्री बढ़ा तापमान
हापुड़। ताउते तूफान के चलते पिछले तीन दिन से हो रही बारिश से एकाएक तापमान व एक्यूआई भी गिर गया था। लेकिन रविवार को मौसम बदल गया। वहीं तापमान भी पांच डिग्री बढ़कर 34 पर पहुंच गया। एक्यूआई में भी बढ़ोत्तरी हुई तथा यह 92 पर पहुंच गया। रविवार को दिनभर धूप खिली रही जिससे मौसम फिर से गर्म हो गया।
अरब सागर में आए ताउते चक्रवात की वजह से पिछले तीन दिन से बारिश पड़ रही थी। इससे तापमान भी गिर गया। बारिश से पहले अधिकतम तापमान 36 डिग्री तक पहुंच गया था, लेकिन बारिश के दौरान यह 25 डिग्री तक आ गया। वहीं एक्यूआई भी 29 तक पहुंच गया था। लेकिन रविवार को मौसम बदलने से धूप निकल आई और तापमान फिर से बढ़ गया। रविवार को हापुड़ का अधिकतम तापमान 34 डिग्री सेल्सियस व न्यूनतम तापमान 23 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। मौसम वैज्ञानिक आने वाले दिनों में पारा बढ़ने की उम्मीद जता रहे हैं।
ऐसे में मौसम में आए बदलाव को लेकर चिकित्सक भी सतर्कता बरतने की सलाह दे रहे हैं। सीएमओ डा. रेखा शर्मा का कहना है कि इस मौसम में शरीर में पानी की कमी नहीं होने दें। बासी खाना खाने से बचें, खूब पानी का सेवन करें। बुखार आने पर तत्काल चिकित्सक को दिखाएं।
बढ़ने लगा हापुड़ का एक्यूआई
बारिश होने से हापुड़ की आबोहवा पर भी असर पड़ा है। इससे हापुड़ का एक्यूआई गिरकर शुक्रवार को 29 के स्तर पर पहुंच गया था। इससे लोगों को पिछले साल के लॉकडाउन जैसी शुद्ध हवा का भी एहसास हुए रहा। जबकि पिछले सप्ताह हापुड़ का एक्यूआई 250 के करीब तक पहुंच गया था। अब फिर से हापुड़ का एक्यूूआई बढ़ने लगा है। रविवार को हापुड़ का एक्यूआई 92 दर्ज किया गया। इससे वातावरण में पीएम 2.5 व पीएम 10, कार्बन मॉनोक्साइड आदि जहरीली गैसों की मात्रा शुक्रवार के मुकाबले बढ़ गई। हापुड़ प्रदूषण विभाग के स्टेशन इंचार्ज सलमान राणा का कहना है कि बारिश होने की वजह से एक्यूआई कम चल रहा है। एक्यूआई 100 से कम होने पर दमा व सांस के मरीजों को फायदा मिलता है।