80 किलोमीटर शव ले जाने के लिए एंबुलेंस चालक ने वसूले आठ हजार रुपये
हापुड़। नगर के एक एंबुलेंस चालक द्वारा हापुड़ के निजी अस्पताल से अस्सी किलोमीटर गाजियाबाद जनपद के लोनी क्षेत्र के गांव में शव ले जाने के लिए आठ हजार रुपये मांगने का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है। वीडियो पुराना है या नया यह तो पुष्टी नहीं हुई है। लेकिन अधिकारियों द्वारा इसकी जांच की जा रही है।
शनिवार को सोशल मीडिया पर एक वीडियो वायरल हुआ, जिसमें एक एंबुलेंस चालक व्यक्ति से सौ रुपये प्रति किलोमीटर के हिसाब से शव ले जाने का किराया मांग रहा है। वीडियो बनाने वाले बालकिशोर त्यागी के अनुसार उसके साले राकेश त्यागी की मौत कोरोना से हापुड़ के देवनंदिनी अस्पताल में हुई है और वहां से उसके शव को अस्सी किलोमीटर दूर मंडोला गांव तक एंबुलेंस में ले जाया गया। इस दौरान एंबुलेंस चालक ने पीड़ित से एक किलोमीटर के सौ रुपये के हिसाब से आठ हजार रुपये मांगे। जिसके बाद पीड़ित द्वारा एंबुलेंस चालक की वीडियो बनाई गई और उसे सोशल मीडिया पर वायरल कर दिया गया। कुछ दिन पहले ही डीएम ने इस संबंध में रेट निर्धारित किए थे। हालांकि वीडियो कब की है इसकी पुष्टि की जा रही है।
एसडीएम सत्यप्रकाश ने बताया कि वीडियो के संबंध में जानकारी जुटाई जा रही है। हाल फिलहाल में ही इस प्रकार की घटना हुई है तो आरोपी के खिलाफ कार्रवाई होगी।