बाबूगढ़ में युवक पर फावड़े से किया हमला
हापुड़। थाना बाबूगढ़ क्षेत्र निवासी एक व्यक्ति पर दबंगों ने फावड़े से हमला कर दिया। शोर मचाने पर लोगों को आता देखकर आरोपी भाग निकले। परिजनों ने घायल को अस्पताल में भर्ती कराया। तहरीर के आधार पर पुलिस ने छह आरोपियों पर रिपोर्ट दर्ज कर ली है।
कस्बा बाबूगढ़ निवासी संदीप ने बताया कि बृहस्पतिवार को गांव निवासी कुछ लोगों से उसकी कहासुनी हो गई थी। विरोध करने पर आरोपियों ने लाठी-डंडों से पिटाई की। इसके बाद फावड़े से हमला कर दिया। शोर शराबा सुनकर आसपास के लोग मौके पर पहुंचे। जिन्हें देखकर आरोपी हत्या की धमकी देकर फरार हो गए। हमले में वह गंभीर घायल हो गया। परिजनों ने घायल को अस्पताल में भर्ती कराया गया। इसके बाद पीड़ित पक्ष के लोग थाने पहुंचे और तहरीर देकर कार्रवाई की मांग की।
थाना देहात प्रभारी निरीक्षक सोमवीर सिंह ने बताया कि पीड़ित पक्ष की तहरीर के आधार पर छह लोगों पर मुकदमा दर्ज कर लिया है। इस मामले में आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।