आज होगा 4396 प्रत्याशियों के भाग्य का फैसला
हापुड़। पंचायत चुनाव के लिए आज 1235 मतदान केंद्रों पर वोट पड़ेंगे। ग्राम प्रधान, जिला पंचायत, क्षेत्र पंचायत सदस्य व ग्राम पंचायत सदस्य के 4396 प्रत्याशियों के भाग्य का फैसला सात लाख 47 हजार 567 मतदाता करेंगे। चुनाव संपन्न कराने के लिए बुधवार को पोलिंग पार्टियां मतदान केंद्रों पर पहुंच गईं। मतदान के लिए मतदाताओं को कोरोना गाइडलाइन का पालन करना होगा। मतदान कर्मी द्वारा किसी भी प्रत्याशी कीओर से आतिथ्य स्वीकर किया गया तो उसके खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।
बृहस्पतिवार सुबह सात बजे से शाम छह बजे तक 273 ग्राम पंचायतों में मतदान होगा। बुधवार को गढ़ रोड स्थित नवीन मंडी स्थल सहित अन्य तीन स्थानों से पोलिंग पार्टियां रवाना की गईं। सुबह से ही इन केंद्रों पर मतदान कर्मी सामग्री लेने के लिए जुट गए। जिला मजिस्ट्रेट अनुज सिंह के अलावा एसपी नीरज कुमार जादौर अन्य अधिकारियों के साथ दौरा करते रहे।