आरपीएफ में नौकरी लगवाने के नाम पर 40 लाख ठगे
हापुड़। बुलंदशहर के गांव सेहरा निवासी एक युवक से छह युवकों ने आरपीएफ में नौकरी लगवाने का झांसा देकर 40 लाख रुपये ठग लिए। इतना ही नहीं डाक के माध्यम से फर्जी नियुक्ति पत्र भी युवक को भेज दिया। अब खुलासा होने पर आरोपी पीड़ित को जान से मारने की धमकी दे रहे हैं। एसपी के आदेश पर पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर ली है।
बुलंदशहर के बीबीनगर थाने के गांव सेहरा निवासी विनीत कुमार के अनुसार उसकी गांव शेखपुर निवासी योगेंद्र उर्फ पिंकी के अलावा कुछ अन्य लोगों से जान पहचान थी। इन लोगों ने कुछ महीने पहले उसे आरपीएफ में नौकरी दिलाने का झांसा दिया था। यह बात उसने अपने कुछ और परिचितों को भी बताई और वे भी रुपये देने के लिए तैयार हो गए। उसने बताया कि इन लोगों ने उससे नौ लाख, अंकुश से नौ लाख 50 हजार रुपये और विपिन से 11 लाख 50 हजार रुपये ले लिए। आरोपियों ने डाक से उनके पास फर्जी नियुक्ति पत्र भी भेज दिए। जब वह नियुक्ति पत्र लेकर पहुंचे तो पता चला कि ये सब फर्जी हैं। पीड़ित ने पुलिस से मामले की शिकायत की, लेकिन पुलिस ने कार्रवाई नहीं की। जिसके बाद पीड़ित ने एसपी से गुहार लगाई। एसपी के आदेश पर पीड़ित ने सुनील पुत्र तेज सिंह निवासी आकापुर टियाना थाना बीबी नगर, योगेन्द्र उर्फ पिंकी पुत्र धर्मवीर निवासी ग्राम शेखपुर, रंजीत पुत्र शेर सिंह, मौकम उर्फ अजीत पुत्र शेर सिंह, मनोज पुत्र शेर सिंह निवासी भैंरोली थाना अगौता बुलंदशहर, निर्दोष राणा पुत्र जितेंद्र निवासी ग्राम कपूरपुर थाना धौलाना, टीटू पुत्र श्याम सिंह निवासी ग्राम गालन्द थाना पिलखुवा के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कराई है। बाबूगढ़ थाना प्रभारी निरीक्षक सोमबीर सिंह ने बताया कि रिपोर्ट दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी गई है।