कुंभ से लौटे 71 लोगों को होम आइसोलेशन में भेजा
हापुड़। हरिद्वार से कुंभ से लौटे 70 लोगों को होम आइसोलेशन में रहने की सलाह दी गई है। रेलवे प्रशासन ने सभी यात्रियों की थर्मल जांच कराई। इसके बाद उन्हें 14 दिन तक घर में ही रहने की सलाह दी गई। उन सभी लोगों का रेलवे ने रिकार्ड भी रख लिया है।
जनवरी माह में हरिद्वार में कुंभ मेला शुरू हुआ था। कुंभ में हापुड़ से भी श्रद्धालुओं ने ट्रेनों से सफर किया। हालांकि होली के बाद से कोरोना संक्रमण का ग्राफ एकाएक बढ़ गया। इसकी चपेट में काफी संख्या में साधु संत भी आ गए। जबकि दो दिन पूर्व ही कुंभ समाप्ति की घोषणा की जा चुकी है। ऐसे में हापुड़ आने वाले श्रद्धालुओं को लेकर भी विशेष सतर्कता बरती जा रही है। हापुड़ में भी पिछले एक सप्ताह में उत्तराखंड से करीब छह दर्जन यात्री स्टेशन पर उतरे हैं। यह सभी यात्री उत्तराखंड से हापुड़ आने वाली एक मात्र ट्रेन दिल्ली देहरादून एक्सप्रेस से हापुड़ पहुंचे हैं। हालांकि हापुड़ रेलवे प्रशासन और स्वास्थ्य विभाग की टीम द्वारा सभी की थर्मल जांच कराई गई। उसके बाद उनके आने जाने की संपूर्ण जानकारी भी एकत्रित की गई। फिर सभी यात्रियों को होम आइसोलेशन में रहने की सलाह दी है। हापुड़ रेलवे स्टेशन के स्टेशन अधीक्षक अजब सिंह ने बताया कि स्टेशन पर उतरने वाले कुंभ यात्रियों की थर्मल जांच कराई जा रही है। उनका रिकार्ड भी स्टेशन पर तैनात स्वास्थ्य विभाग की टीम द्वारा एकत्रित किया जा रहा है। इसके बाद ही यात्रियों को घर भेजा जा रहा है।
---
हापुड़ में दिल्ली देहरादून से उतरने वाले यात्री
तारीख आए यात्री
12 अप्रैल 10
13 अप्रैल 11
14 अप्रैल 08
15 अप्रैल 06
16 अप्रैल 16
17 अप्रैल 13
18 अप्रैल 07