गोल मार्केट में बिना मास्क लगाये जाती युवतियां।
- फोटो : HAPUR
हापुड़ में भी रात्रि कर्फ्यू के आसार, बढ़ रहे कोरोना के मरीज
हापुड़। कोरोना की दूसरी लहर जिले में आ चुकी है, ऐसे में अभी नहीं संभले तो अन्य जिलों की तरह हापुड़ में रात्रि कर्फ्यू की पाबंदियां देखने को मिलेंगी। पुलिस, प्रशासन की कड़ी हिदायत के बावजूद कुछ लोग बिना मास्क के ही निकल रहे हैं। एक सप्ताह में जिले में 98 नए मरीज मिले हैं। बृहस्पतिवार को पुलिस कर्मी समेत 21 नए मामले सामने आए। इस पर अफसर कड़े निर्णय लेने पर विचार कर रहे हैं। स्वास्थ्य विभाग ने जांचों का दायरा बढ़ा दिया है, सरकारी कार्यालयों में भी जांच के बूथ लगा दिए गए हैं।
हापुड़ जिले में कोरोना का पहला मामला दो अप्रैल 2020 को सामने आया था। दिसंबर 2020 तक जिले में कोरोना की चपेट में करीब 4400 लोग आ गए। 67 को अपनी जान से भी हाथ धोना पड़ा। बीते करीब तीन महीने से जिले में संक्रमण अपने न्यूनतम स्तर पर पहुंच चुका था। सप्ताह में एक या दो की मामले कोरोना के निकल रहे थे।
लेकिन अब जिले में कोरोना की दूसरी लहर कहर ढाने लगी है। पुलिस, प्रशासन द्वारा लोगों से आवश्यकता होने पर ही घरों से निकलने की अपील की गई है। डीएम अनुज सिंह के आदेश पर मास्क को अनिवार्य कर दिया गया है। बीते कुछ दिनों से जिले में मास्क नहीं पहनने वालों के चालान भी जमकर काटे जा रहे हैं।
डीएम अनुज सिंह ने बताया कि लोग कोरोना को लेकर सजग रहें, मास्क और सोशल डिस्टेंसिंग का पालन करें। इन्हें नजर अंदाज किया गया तो सख्ती की जाएगी। महामारी को फैलने से रोकने में सभी सहयोग करें, ताकि बाद में परेशानी न हो।