डिप्रेशन से मुक्ति दिलाएगा मन चेतना दिवस
हापुड़। मानसिक बीमारियों से पीड़ित मरीजों का अब सीएचसी में इलाज होगा। हापुड़ सीएचसी में महीने के प्रत्येक बृहस्पतिवार को मन चेतना दिवस के तहत चिकित्सकों का कैंप लगेगा। चिकित्सक मानसिक रोगियों का का उपचार करने के अलावा इनकी काउंसलिंग भी करेंगे। बृहस्पतिवार को सीएचसी में कैंप का शुभारंभ हुआ।
जब एक व्यक्ति ठीक से सोच नहीं पाता, उसका अपनी भावनाओं और व्यवहार पर काबू नहीं रहता तो ऐसी हालत को मानसिक अस्वस्थता कहते हैं। विश्व स्वास्थ्य संगठन के मुताबिक, मानिसक रोगों के शिकार बहुत से लोग इलाज करवाने से कतराते हैं। क्योंकि उन्हें लगता है कि लोग उनके बारे में न जाने क्या सोचेंगे। ऐसे लोगों को समाज में खराब व्यवहार सहना पड़ता है। हालांकि शासन ने अब ऐसे लोगों को स्वस्थ करने की पहल शुरू की है। इसके लिए महीने में प्रत्येक बृहस्पतिवार को मन चेतना दिवस मनाया जाएगा।
इस दिवस में हापुड़ सीएचसी पर कैंप लगेगा, जिसमें कुशल चिकित्सकों द्वारा इस तरह के मरीजों का उपचार किया जाएगा। इतना ही नहीं ऐसे लोगों की काउंसिलिंग भी की जाएगी, ताकि वह तेजी से स्वस्थ हो सकें और समाज की मुख्य धारा से जुड़ सकें। बृहस्पतिवार को नोडल डॉ जेपी त्यागी, डॉ दिनेश खत्री, एफएलसी अनुराधा शर्मा ने इस कैंप का शुभारंभ किया।
मुख्य चिकित्साधिकारी डॉ रेखा शर्मा ने बताया कि जिले में बहुत से लोग इस तरह की परेशानियों से पीड़ित हैं। मन चेतना दिवस से ऐसे लोगों को स्वस्थ किया जा सकेगा।
मानसिक रोग के लक्षण -
* स्पष्ट रूप से सोचने और दैनिक कार्यकलापों को करने में कठिनाई।
* बार बार गलत विचारों का आना।
* आदत, मन, एकाग्रता में अचानक परिवर्तन।
* वैसी चीजों को देखना और सुनना जो आस पास मौजूद न हों।
* आत्महत्या का विचार बार बार आना।
* क्रोध, भय, चिंता, अपराध, बोध या उदासी, खुशी की लगातार अनुभूति।
* शराब, तंबाकू व नशीले पदार्थों का अत्यधिक सेवन।